
सरई। तहसील क्षेत्र सरई के ताल डिगवाह-लंघाडोल गांव के ग्रामीण आज भी बुनियादी सुविधा के अभाव में परेशान हैं। हुर्दुल नदी पर सात दशक से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुल का निर्माण नहीं हो पाया है।
नदी पर पुल न होने से ग्रामीणों को बारिश और बाढ़ के दिनों में अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए जोखिम उठाना पड़ता है। कई बार तो नदी का जलस्तर बढ़ने से आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता है। हालात ऐसे हैं कि स्कूली बच्चों को भी कमर तक पानी पार कर विद्यालय जाना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को कई बार सांसद और विधायक के संज्ञान में लाया गया, लेकिन स्थिति जस की तस है। उनका कहना है कि डीएमएफ फंड का सही उपयोग नहीं होने के कारण पुल का निर्माण अधर में लटका है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि गर्भवती महिलाओं और बीमार मरीजों को अस्पताल ले जाना बेहद कठिन हो जाता है। ग्रामीणों ने अब कलेक्टर से इस गंभीर समस्या पर ध्यान देने की मांग की है।
