सतना: जिला वासियों को भले ही अभी तक अपने शहर के एयरपोर्ट से नियमित हवाई सेवा का लाभ नहीं मिल सका हो, लेकिन अब सतना को विमानन क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। बहुत जल्द शहर में पायलट ट्रेनिंग सेंटर की शुरुआत होने जा रही है, जिससे स्थानीय स्तर पर विमान उड़ाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी योजना का भूमिपूजन संभावित रूप से 15 या 16 जनवरी को किया जाएगा।
सतना एयरपोर्ट प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पायलट ट्रेनिंग सेंटर संचालन की जिम्मेदारी दिल्ली की दो प्रतिष्ठित कंपनियों—एयर मैन एकेडमी और एडीपी—को सौंपी गई है। दोनों कंपनियों को प्रशासन की ओर से आवश्यक सभी प्रकार की अनुमतियां प्रदान कर दी गई हैं। भूमिपूजन के तुरंत बाद कंपनियां एयरपोर्ट परिसर में बंकर निर्माण सहित अन्य आवश्यक ढांचागत कार्य शुरू करेंगी।
तो सतना से निकलेंगे पायलट
ट्रेनिंग सेंटर के शुरू होने के बाद सतना में पायलटों को हवाई जहाज उड़ाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे न केवल जिले की पहचान विमानन प्रशिक्षण के क्षेत्र में बनेगी, बल्कि युवाओं को पायलट बनने का अवसर भी अपने ही शहर में उपलब्ध होगा।गौरतलब है कि सतना एयरपोर्ट का निर्माण वर्षों पहले हो चुका है, लेकिन अब तक यहां से नियमित हवाई सेवाएं शुरू नहीं हो सकी हैं।
इसके विपरीत, कम समय में ही रीवा हवाई अड्डा शुरू हो चुका है, जहां से दिल्ली और इंदौर एटीसी 72 का संचालन किया जा रहा है। ऐसे में सतना में पायलट ट्रेनिंग सेंटर की शुरुआत को एयरपोर्ट के भविष्य के उपयोग की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि पायलट ट्रेनिंग सेंटर की स्थापना के बाद आने वाले समय में सतना से भी नियमित हवाई सेवाओं की राह आसान होगी और शहर विमानन मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान बना सकेगा।
