देवास: शहर के व्यस्त रामनगर चौराहे पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, एक्टिवा पर सवार पति-पत्नी जैसे ही चौराहे को पार कर रहे थे, तभी इंदौर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही पल्सर बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयंकर थी कि एक्टिवा सवार दंपति सड़क पर गिर पड़े। दोनों को गंभीर चोटें आईं और उनके हाथ-पांव में कई जगह फ्रैक्चर हो गए। घायलों को तुरंत 108 एम्बुलेंस की मदद से एमजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है।
हादसे में पल्सर बाइक भी पूरी तरह चकनाचूर होकर सड़क पर बिखर गई, जिससे वहां का मंजर देखने लायक था। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और जांच शुरू कर दी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि रामनगर चौराहे पर अक्सर तेज रफ्तार वाहन दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा के कड़े उपाय करने की मांग की है।
