
इंदौर। चंदन नगर थाना क्षेत्र की ग्रीनपार्क कॉलोनी में पुलिस और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया. दस्तक स्कूल परिसर में हुई इस चौपाल में क्षेत्र के प्रबुद्धजन, अधिवक्ता, व्यापारी, महिलाएं और स्थानीय रहवासी बड़ी संख्या में मौजूद रहे.
कार्यक्रम के दौरान रहवासियों ने गोपनीय शिकायत पेटी लगाने का सुझाव रखा, ताकि असामाजिक तत्वों की सूचना बिना पहचान उजागर किए पुलिस तक पहुंचाई जा सके. इस पर एसीपी शिवेंदु जोशी ने तत्काल सहमति देते हुए अमल के निर्देश दिए, जबकि जनप्रतिनिधि शादाब पटेल ने जनसहयोग से पेटियां उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. जनसंवाद में नाबालिगों द्वारा तेज रफ्तार वाहन चलाने, घरेलू हिंसा, नशे के अवैध कारोबार और शराब दुकानों के बाहर जमघट की समस्याएं सामने आईं. थाना प्रभारी तिलक करोले ने भरोसा दिलाया कि नाबालिग वाहन चालकों और नशे के कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस अधिकारियों ने लोगों को साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए और अनजान लिंक व ओटीपी साझा न करने की अपील की. साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए समाज और पुलिस के संयुक्त प्रयासों पर जोर दिया. पहली बार इस तरह की खुली चौपाल से खुश रहवासियों ने पुलिस का आभार जताया. अधिकारियों ने भविष्य में भी ऐसे जनसंवाद कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की बात कही.
