जबलपुर: ऑपरेशन फेस के तहत जबलपुर सायबर सेल ने एक ऐसे शातिर जालसाज को दबोचा है, जिसने महज चंद रुपयों के लालच में अपने ही चेहरे का इस्तेमाल कर अलग-अलग नामों से 63 फर्जी सिम कार्ड एक्टिवेट करा रखे थे। दरअसल राज्य सायबर पुलिस मुख्यालय भोपाल के फरमान पर ऑपनेशन फेस पूरे प्रदेश में चलाया गया । जिसके तहत एक ही व्यक्ति के चेहरे का इस्तेमाल कर फर्जी सिम एक्टिवेट करने वालों और एजेंटों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में फर्जीवाड़े को रोकने के लिए विशेष निर्देश दिए गए थे। उप पुलिस अधीक्षक सायबर अंजुल अयंक मिश्रा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया, जिसने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस फर्जी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया।
ऐसे करता था फर्जीवड़ा
जांच के दौरान टीम ने एक जालसाज का चेहरा चिन्हित किया। पुलिस ने ग्राम बम्होडी मेहता थाना घंसौर, जिला सिवनी निवासी आरोपी अंबेश झारिया को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने साल 2019 में अपने एक साथी के साथ मिलकर कमीशनखोरी के चलते अलग-अलग आधार कार्डों पर अपनी ही फोटो लगाई और फर्जी नाम-पतों का सहारा लिया। आरोपी ने इस तरीके से कुल 63 सिम कार्ड एक्टिवेट कराए। इनमें एयरटेल की 47 और वीआई के 16 सिम कार्ड शामिल हैं। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने यह सब केवल पैसों के लालच में आकर किया था। आरोपी के खिलाफ क्राइम ब्रांच में विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। प्रकरण में अन्य आरोपियों की तलाश भी सरगर्मी से की जा रही है।
