मैदान में दौड़े युवा, नशे से दूर रहने का लिया संकल्प

इंदौर: नशे से दूर रहने का संदेश शनिवार को मल्हार आश्रम के साईं एथलेटिक ग्राउंड पर खेल के मैदान से दिया गया. यहां युवाओं ने दौड़ लगाई, रस्साकशी में ताकत दिखाई तो गोला फेंक और बाधा दौड़ में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. मौका था ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत आयोजित ब्लॉक लेवल स्पोर्ट्स लीग का. प्रतियोगिताओं के साथ युवाओं ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली.

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत माय भारत और भारतीय खेल प्राधिकरण के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया. खेलों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देना आयोजन का मुख्य उद्देश्य रहा. प्रतियोगिता में 800 मीटर दौड़, रस्साकशी, गोला फेंक, सूर्य नमस्कार और थैला यानी ऑब्सटेकल रेस के मुकाबले आयोजित किए गए. अलग-अलग स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति और कौशल का प्रदर्शन किया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीमा सुरक्षा बल के कमांडेंट जगदीश प्रसाद मौजूद रहे. विशिष्ट अतिथियों में माय भारत के डिप्टी डायरेक्टर पंकज गोस्वामी, भारतीय खेल प्राधिकरण इंदौर के केंद्र प्रभारी एवं जिम्नास्टिक के मुख्य कोच मनोहर सिंह नागर तथा ओपी एकेडमी के डायरेक्टर ओपी जायसवाल शामिल हुए. इनके अलावा एसएआई के कुश्ती प्रशिक्षक गौरव आर्य, ब्लॉक लेवल अधिकारी लीना श्रीवास और जिम्नास्टिक कोच सत्यनारायण पवार भी उपस्थित रहे.

मेडल के साथ मिला नशे से दूर रहने का संदेश
प्रतियोगिताओं के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों ने शील्ड, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया. आयोजन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा सामूहिक शपथ रहा. इसमें खिलाड़ियों, अतिथियों और अन्य युवाओं ने नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने का संकल्प लिया. एसएआई के कुश्ती प्रशिक्षक गौरव आर्य ने आभार व्यक्त किया

Next Post

ऑल इंडिया परमिट की पांच बसों पर आरटीओ का शिकंजा

Sun Nov 15 , 2026
इंदौर:ऑल इंडिया परमिट लेकर सड़कों पर दौड़ रही बसों में यात्रियों से मनमाना किराया वसूले जाने और परमिट की शर्तों का उल्लंघन किए जाने का मामला सामने आया है. परिवहन विभाग की विशेष जांच में पांच वीडियोकोच बसें नियमों के विपरीत संचालित होती मिलीं. हैरानी की बात यह है कि […]

You May Like