जबलपुर: रांझी थाना अंतर्गत व्हीकल फैक्ट्री के पास संदिग्ध हालत में घूम रहे एक युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। युवक ने शुरुआत में खुद को पाकिस्तान के कराची का रहने वाला हामिद अंसारी बताया, जिससे हड़कंप मच गया। हालांकि, सघन जांच के बाद पता चला कि युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त है और यूपी का रहने वाला है। जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।जानकारी अनुसार व्हीकल फैक्ट्री के पास एक युवक संदिग्ध रूप में मिली।
उसकी हरकतों को देखकर स्थानीय लोगों को शक हुआ और उन्होंने उससे पूछताछ शुरू कर दी। पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम हामिद अंसारी बताया और दावा किया कि वह कराची, पाकिस्तान का निवासी है। युवक के मुंह से पाकिस्तान का नाम सुनते ही लोगों ने इसकी सूचना रांझी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रांझी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपनी अभिरक्षा में लेकर थाने आया। जब पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू की, तो उसने पुलिस को भी छकाना शुरू कर दिया। वह लगातार अपने बयान बदल रहा था कभी वह खुद को शिवा कहता, तो कभी हामिद अंसारी पर अड़ जाता। उसके इस रवैये से मामला और गंभीर हो गया।
इसके बाद पुलिस ने तफ्तीश शुरू की। नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीश साहू ने ने बताया प्रारंभिक पूछताछ के दौरान ही यह साफ हो गया है कि युवक मानसिक रूप से पूरी तरह विक्षिप्त है, जब पुलिस ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाया और तकनीकी व स्थानीय स्तर पर तस्दीक की, तो उसकी असली पहचान शिवम पाठक के रूप में हुई, जो गौसगंज, जिला हरदोई उत्तर प्रदेश का निवासी है। मानसिक बीमारी के कारण अपने घर से भटक कर जबलपुर आ गया था और दिमागी हालत ठीक न होने के कारण खुद को पाकिस्तानी बता रहा था
