इंदौर:सड़क हादसों में दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर ट्रैफिक पुलिस का ‘हेलमेट पहनें-सुरक्षित रहें’ अभियान लगातार जारी है. अब तक 36 जागरूकता कार्यक्रमों में 4550 से ज्यादा हेलमेट जरूरतमंद वाहन चालकों को वितरित किए जा चुके हैं. मंगलवार को पलासिया चौराहे पर अभियान के 36वें कार्यक्रम में हेलमेट बांटने के साथ नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को सम्मानित भी किया.
अभियान के दौरान ऐसे युवा, बुजुर्ग और जरूरतमंद वाहन चालकों को हेलमेट दिए गए, जिनके पास वाहन के पंजीयन, लाइसेंस सहित जरूरी दस्तावेज पूरे थे. जिन वाहन चालकों ने यातायात नियमों का उल्लंघन किया, पहले उनका चालान बनाया गया और इसके बाद उन्हें हेलमेट पहनने तथा सड़क सुरक्षा का महत्व समझाते हुए हेलमेट दिया. वहीं, स्वेच्छा से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने वाले जिम्मेदार दोपहिया चालकों की प्रशंसा की गई और उन्हें उपहार देकर प्रोत्साहित किया.
ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि हेलमेट जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य वाहन चालकों को हादसों की गंभीरता समझाने के साथ यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना है. डीसीपी यातायात राजेश त्रिपाठी का कहना है कि हेलमेट वितरण के साथ लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, ताकि दोपहिया वाहन चालक सुरक्षा को प्राथमिकता दें और सड़क हादसों में होने वाली गंभीर चोटों से बच सकें.
