लखनऊ, 15 सितंबर (वार्ता) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पांच कालीदास मार्ग पर आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश भर से आये लगभग 50 पीड़ितों की समस्यायें सुनी और समाधान का आश्वासन दिया।
जनता दर्शन में रायबरेली से आये किडनी व हर्ट के मरीज को योगी आदित्यनाथ ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने के निर्देश दिये। ‘जनता दर्शन’ में रायबरेली के थाना खीरो के ग्राम बरवलिया के एक युवक भी पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि उनके पिता किडनी-हृदय व यूरिन की बीमारी से पीड़ित हैं। प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराने में अब आर्थिक दिक्कत आ रही है। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने इलाज के लिए अस्पताल से एस्टीमेट भी मंगवाने को कहा। ता उपलब्ध करा रही है सरकार
इस दौरान आर्थिक सहायता के लिए कई फरियादियों ने प्रार्थना पत्र दिया। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी से कहा कि सरकार हर जरूरतमंद मरीज को इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। आप भी अस्पताल से एस्टिमेट बनवाकर भिजवाएं। आपके इलाज के खर्च की चिंता सरकार करेगी। सरकार विगत 8 वर्ष से हर जरूरतमंद को निरंतर आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है।
‘जनता दर्शन’ में कई फरियादियों के साथ बच्चे भी आए, जिन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुलार भी किया। नन्हे-मुन्नों के सिर पर हाथ फेर अपनत्व का अहसास कराया। सीएम योगी ने सभी बच्चों को चॉकलेट-टॉफी भी प्रदान की।
योगी ने लगाया जनता दरबार,सुनीं समस्यायें और समाधान के लिए किया आश्वस्त
