
-सिहोलिया गांव में तीसरी मौत से पसरा मातम , पोते और उसकी पत्नी की मौत से दुखी बाबा ने की आत्महत्या
नवभारत न्यूज
बहरी 8 फरवरी।जिले के बहरी थाना क्षेत्र के सिहोलिया गांव में पोते और उसकी पत्नी की दर्दनाक मौत के बाद जलती चिता में कूदकर बुजुर्ग बाबा ने भी आत्महत्या कर जान दे दी। मृतक अभय राज यादव के बाबा रामावतार यादव उम्र 65 वर्ष ने रात में जलती चिता में कूदकर आत्महत्या कर ली। एक और हृदयविदारक घटना से गांव में दहशत और मातम का माहौल है।
पुलिस के अनुसार कल अभय राज यादव द्वारा पत्नी सविता यादव की कुल्हाड़ी से हत्या और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या करने के बाद पूरा परिवार सदमे में था। शुक्रवार रात करीब 9 बजे दोनों का अंतिम संस्कार कर सभी चले गए थे।देर रात में ही जलती चिता में खुद को रामावतार यादव ने झोंक दिया। जिसकी वजह से उनकी मौत हो गई। मृतक रामावतार यादव के नाती अवधेश यादव ने जानकारी देते हुए बताया है कि मेरे बड़े भाई अभय राज यादव को मेरे बाबा बहुत मानते थे और वह उन्हीं के साथ रहते थे। कोई काम भी होता था तो पैसे उन्हीं को देकर उनसे काम करवाते थे। कल जब भाई की मौत हुई तब दाह संस्कार के लिए हम सब लोग जा रहे थे पर बाबा ने वहां जाने से मना कर दिया। कहा मुझसे यह सब नहीं देखा जाएगा। लेकिन न जाने रात में क्या हुआ कि अचानक रात में वह कहीं चले गए जब हम सब सुबह देखे तब उनका कहीं पता नहीं चला। हम सब घर के लोगों ने पहले आसपास के कुएं में देखा फिर आसपास के क्षेत्र में जाकर पूंछताछ की जब कहीं नहीं मिले तब भाई के चिता के पास गए तब बाबा का अधजला शव मौजूद था। जलने की वजह से उनकी मौत हो गई थी। जिसकी सूचना हमने थाना प्रभारी को आज सुबह 9 बजे दी। उधर गांव के लोगों का कहना है कि रामावतार यादव अपने पोते और बहू की मौत के सदमे को बर्दाश्त नहीं कर पाए। उनके लिए यह त्रासदी असहनीय थी। परिवार के तीन लोगों की मौत से सिहोलिया गांव शोक में डूबा हुआ है।
बहरी थाना पुलिस ने रामावतार यादव के शव को भी कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब तीनों मौतों की गहन जांच कर रही है और हर पहलू पर बारीकी से नजर रख रही है।इस हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीण अब उन मासूम बच्चों के भविष्य को लेकर बेहद चिंतित हैं, जो इस हादसे के बाद पूरी तरह अनाथ हो गए हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि बच्चों की सुरक्षा और देखभाल के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इनका कहना है
सिहौलिया गांव के मृतक अभय राज यादव के बाबा रामावतार यादव उम्र 65 वर्ष ने कल देर रात में जलती चिता में कूदकर आत्महत्या कर ली। जिसकी सूचना परिजनों द्वारा आज जैसे ही पुलिस को दी तो पुलिस मौके पर पहुंच कर मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया।
राकेश वैस
थाना प्रभारी
थाना बहरी
