झाबुआ, 09 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव आज भगौरिया हाट और भील महासम्मेलन में शामिल होने झाबुआ पहुंचे, जहां हेलिपेड पर उनका स्वागत किया गया। महिला बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने उनकी आगवानी की। इस अवसर पर हेलिपेट पर आदिवासी नृतक दल ने भगौरिया नृत्य की प्रस्तुति भी दी।
डॉ यादव ने झाबुआ के मेघनगर नाके पर स्थापित स्व. दिलीप सिंह भूरिया की प्रतिमा पर जाकर माल्यार्पण किया और स्वर्गीय दिलीप सिंह भूरिया को विनम्र श्रद्वासुमन अर्पित किया। मुख्यमंत्री के स्थानिय बस स्टैंड पर भील महासम्मेलन में पहुंचने पर पारम्परिक स्वागत पूर्व सांसद गुमान सिंह डामोर एवं जिला भाजपा अध्यक्ष भानु भूरिया ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ यादव ने आदिवासी समाज को भगौरिया पर्व की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि बसंती बयार छाते ही आदिवासी अंचल में भगौरिया की मस्ती प्रारंभ हो जाती है, ढोल और मांदल की थाप पर आदिवासी अपनी मस्ती में मस्त रहता है। आदिवासी देवी देवताओं की आस्था के केंद्रों का जीर्णोद्वार जिले में कराया जायेगा। आदिवासियों का गौरवशाली इतिहास रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झाबुआ में मेडिकल कालेज खुलेगा। झाबुआ के लोगों को इलाज के लिये अब बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी। आने वाले समय में आदिवासी समाज से कई डॉक्टर बनकर निकलेंगे। आदिवासी बच्चों की पढाई लिखाई के लिये निशुल्क कोचिंग क्लासेस प्रारंभ की जायेगी।
डॉ यादव ने कांग्रेस का नाम लिए बिना कहा कि उन्होंने कभी आदिवासियों को आगे बढने नहीं दिया। सिर्फ उनके वोट लेकर अपना स्वार्थ सिद्ध किया। भाजपा ने आज देश में आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनाया और कई प्रदेशों में आदिवासियों और पिछडों को मुख्यमंत्री बनाया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आने वाले समय मेें भाजपा जीतेगी। प्रदेश में किसानों को स्थाई कनेक्शन 5 रुपए में दिया जायेगा। गांवों में पक्की सडकों का निर्माण कराया जायेगा। अनास नदी को नर्मदा नदी से जोडा जायेगा। उघोगों को प्रोत्साहन दिलाने के लिये झाबुआ में लाभ दिलाया जायेगा। मेडिकल कालेज आदिवासी क्षेत्रों में खोलने के लिये सरकार की तरफ से 20 प्रतिशत अनुदान दिया जायेगा।
उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारी के लिये एयर एबुंलेंस की सुविधा भी प्रदान की जायेगी। धर्मशालाएं बनाने के लिये जगह दी जायेगी। उन्होंने झाबुआ नगर के लिये कालिका माता मंदिर से लिंक रोड बनाने की स्वीकृति दी। किसानों के द्वारा दूध उत्पादन किया जाकर बेचा जाता है तो उस पर 5 रूपए बोनस राशि दी जायेगी। सभी आदिवासी भाई बहनों को भगौरिया और होली की बधाई देते हैं।
मुख्यमंत्री ने भगौरिया में आदिवासियों के बीच जाकर भगौरिया का लुप्त भी उठाया और ढोल पर थाली की थाप देकर संगत दी