इंदौर:ऑल इंडिया परमिट लेकर सड़कों पर दौड़ रही बसों में यात्रियों से मनमाना किराया वसूले जाने और परमिट की शर्तों का उल्लंघन किए जाने का मामला सामने आया है. परिवहन विभाग की विशेष जांच में पांच वीडियोकोच बसें नियमों के विपरीत संचालित होती मिलीं. हैरानी की बात यह है कि ऑल इंडिया परमिट होने के बावजूद इन बसों का संचालन स्टेट कैरिज के रूप में किया जा रहा था. इतना ही नहीं, यात्रियों की सुरक्षा के लिए बसों में अग्निशमन यंत्र तक मौजूद नहीं थे. जांच के बाद परिवहन विभाग ने पांचों बसों के परमिट निरस्त करने की अनुशंसा करते हुए मामला परिवहन आयुक्त कार्यालय भेज दिया है.
यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक राशि वसूले जाने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद परिवहन विभाग ने यह कार्रवाई की. परिवहन आयुक्त उमेश जोगा और कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर आरटीओ प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में उड़नदस्ता टीम ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया. इस दौरान पांच वीडियोकोच बसों की जांच की गई. टीम ने बसों में सफर कर रहे यात्रियों से सीधे बातचीत कर किराए की जानकारी जुटाई तो अलग-अलग यात्रियों से एक ही रूट पर अलग-अलग राशि वसूले जाने का मामला सामने आया.
जांच में इंदौर-पुणे रूट पर यात्रियों से 800, 1200 और 2100 रुपए तक किराया लेने की जानकारी मिली. ठाणे जाने वाली बसों में किराया 1800 से 1900 रुपए तक वसूला जा रहा था। वहीं, इंदौर-मुंबई रूट पर यात्रियों से 2000 से 4000 रुपए तक लिए जाने की बात सामने आई. एक बस में तो दो यात्रियों से ही कुल 8190 रुपए किराया वसूला गया. इसी तरह मूंगावली रूट पर 600 से 800 रुपए तक किराया लिया जा रहा था. मुंबई रूट की एक अन्य बस में भी यात्रियों से 1250, 1500 और 2100 रुपए तक अलग-अलग किराया वसूलने की जानकारी मिली.
परमिट कुछ और, संचालन का तरीका कुछ और
जांच में सबसे गंभीर गड़बड़ी बसों के संचालन को लेकर सामने आई. पांचों बसें ऑल इंडिया परमिट पर पंजीकृत होने के बावजूद स्टेट कैरिज के रूप में यात्रियों को ढो रही थीं. परिवहन नियमों के मुताबिक परमिट की शर्तों के विपरीत इस तरह बसों का संचालन नहीं किया जा सकता. इसके अलावा बसों में अग्निशमन उपकरण नहीं मिलने से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं. परिवहन विभाग ने जांच में मिली अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए पांचों बसों के परमिट निरस्त करने के लिए प्रतिवेदन तैयार कर परिवहन आयुक्त कार्यालय भेजा है. अब इस पर अंतिम निर्णय परिवहन आयुक्त कार्यालय स्तर पर लिया जाएगा.
कार्रवाई की अनुशंसा
आरटीओ प्रदीप शर्मा के मुताबिक, यात्रियों से अधिक किराया वसूलने और परमिट की शर्तों के विरुद्ध बसों के संचालन की शिकायतें मिल रही थीं। इसी आधार पर विशेष जांच अभियान चलाया गया. जांच में नियमों का उल्लंघन सामने आने के बाद कार्रवाई की अनुशंसा की गई है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने, परमिट शर्तों का उल्लंघन करने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले बस संचालकों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.
