
इंदौर। भागीरथपुरा चौकी क्षेत्र में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवती ने पुलिस चौकी के ठीक सामने जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश कर ली. युवती की पहचान तनीषा जगताप के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने तुरंत एमवाय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है.
तनीषा ने एक दिन पहले ही थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में उसने मनीष धार गुडे पर दो प्लाट के नाम पर 27 लाख रुपये लेने और न तो कब्जा देने, न ही दस्तावेज उपलब्ध कराने का आरोप लगाया था. तनीषा का कहना था कि करीब दो महीने पहले राधे के बगीचे इलाके में नकद राशि देकर सौदा तय हुआ था, लेकिन बाद में आरोपी टालमटोल करता रहा. बुधवार को पुलिस ने आरोपी मनीष को बयान के लिए बुलाया था. इसी दौरान तनीषा भी चौकी पहुंची थी. बताया जा रहा है कि बातचीत के बाद वह आक्रोश में बाहर निकली और कुछ ही दूरी पर जहर खा लिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस से युवती को एमवाय अस्पताल भेजा, फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है. पुलिस धोखाधड़ी के एंगल से पूरे प्रकरण की पड़ताल कर रही है.
