
सिंगरौली: भोपाल से चलकर सिंगरौली होते हुए धनबाद तक जाने वाली नई ट्रेन आज बरगवां रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने सीधी- सिंगरौली सांसद डॉ. राजेश मिश्रा का जोरदार स्वागत किया। इस ट्रेन का शुभारंभ कल केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से किया था। इस दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने भोपाल से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया था। सांसद स्वयं ट्रेन में सवार होकर आज सुबह बरगवां स्टेशन पहुंचे, जहां समर्थकों ने फूल- मालाओं से उनका स्वागत करते हुए इस पहल को ऐतिहासिक बताया।
बरगवां रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। लोगों ने कहा कि प्रदेश की राजधानी भोपाल को ऊर्जा राजधानी सिंगरौली से प्रतिदिन रेल सेवा को जोड़ना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। स्थानीय लोगों ने कहा कि लंबे समय से प्रतिदिन ट्रेन चलाने की मांग की जा रही थी, जिसे अब सांसद के प्रयासों से पूरा किया गया है।
आयोजित स्वागत कार्यक्रम में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन सिंगरौली वासियों की वर्षों पुरानी मांग थी, जो अब पूरी हुई है। सांसद ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री से दो और मांगें रखी हैं—सिंगरौली से इंदौर नई ट्रेन चलाने तथा सिंगरौली से दिल्ली के लिए चलने वाली ट्रेन को भी प्रतिदिन किया जाए। इसके लिए वे लगातार रेल मंत्रालय से पत्राचार और मुलाकात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संसदीय क्षेत्र सीधी और सिंगरौली में सड़क और रेल कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं और जल्द ही सीधी में भी नई रेल सुविधा शुरू होने की उम्मीद है।
