नयी दिल्ली, 03 फ़रवरी (वार्ता) दक्षिण दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने केंद्रीय बजट का स्वागत करते हुए कहा है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से पेश किये गये वित्त वर्ष 2026-2027 के बजट में दिल्ली के परिवहन, पेय जल , स्वास्थ्य, प्रदूषण और कानून-व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। श्री बिधूड़ी ने दिल्ली भाजपा के कार्यालय में मंगलवार को संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्रीय बजट से दिल्ली की जनता का जीवन स्तर बेहतर होगा और नयी योजनाओं से रोजगार तथा विकास के रास्ते भी खुलेंगे।
उन्होंने कहा कि आम बजट में परिवहन पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया गया है, जिसमें सड़क, रेल, मेट्रो और हाईस्पीड ट्रेन शामिल है। आवागमन में सुविधा से न केवल लोगों का समय और पैसा बचता है बल्कि रोजगार बढ़ता है और अर्थव्यवस्था को गति मिलती है। उन्होंने कहा कि बजट में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय का छह लाख करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है। इसमें से 27328 करोड़ रुपये की योजनाएं केवल दिल्ली के लिए ही हैं। इनमें शिवमूर्ति से महिपालपुर तक टनल और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) से महिपालपुर तक एलिवेटिड रोड शामिल हैं। इन दोनों योजनाओं पर क्रमशः 3500 और 5000 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा पंजाबी बाग से टीकरी बॉर्डर तक बनाई जाने वाली रोड पर 1504 करोड़ रुपये, आश्रम से बदरपुर तक बनने वाली रोड पर 513 करोड़ रुपये और महरौली से दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर तक बनने वाली रोड पर 1461 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। अर्बन एक्सटेंशन रोड यानी यूईआर से जुड़ने वाली सड़कों पर भी 15000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 के बजट में रेलवे ने दिल्ली के लिए 2711 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि 2009 से 2014 के बीच दिल्ली को रेलवे औसतन 96 करोड़ रुपये की योजनाएं ही देता रहा है। अब 28 गुना ज्यादा राशि का प्रावधान किया गया है। श्री बिधूड़ी ने कहा कि इस समय दिल्ली में 8976 करोड़ रुपये की रेलवे की योजनाओं पर काम हो रहा है जिसमें 13 स्टेशनों का कायाकल्प भी शामिल है। इस समय दिल्ली से 14 वन्देभारत ट्रेन और आठ अमृत भारत ट्रेन चल रही हैं। दिल्ली में अब रेलवे का पूरी तरह इलेक्ट्रिफिकेशन हो गया है और नए 14 फ्लाई ओवर और अंडरपास बनाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में चल रहे केंद्र सरकार के अस्पतालों को भी अब अधिक बजट दिया गया है जिससे दिल्लीवालों को और बेहतर सुविधाएं मिल पाएंगी। केंद्र सरकार के पांच प्रमुख अस्पतालों एम्स, सफदरजंग, राम मनोहर लोहिया, लेडी हार्डिंग, कलावती सरन को लगभग 10,122 करोड़ का भारी भरकम आवंटन किया गया है, जो पिछले वर्ष से लगभग 1,185 करोड़ रुपये अधिक है। इससे अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण, सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक मरीजों की देखभाल बेहतर हो पाएगी। अकेले एम्स को ही 5,500 करोड़ रुपये से अधिक मिले हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की योजनाओं में भी दिल्ली को बड़ी हिस्सेदारी मिलने वाली है। शासकीय योजना (पूंजी निवेश के लिए राज्यों को विशेष सहायता) के अंतर्गत आने वाले तीन राज्यों दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और पुड्डुचेरी के लिए पहले 6,275 करोड़ रुपये का बजट होता था, अब उसे बढ़ाकर 15,380 करोड़ रुपये कर दिया गया है। केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाओं का बजट भी बढ़ाया गया है। पिछले वर्ष यह 12483 करोड़ था, अब 13611 करोड़ रुपए किया गया है। इस अवसर दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर और कार्यालय मंत्री बृजेश राय भी उपस्थित थे।

