कुबेरेश्वर धाम रुद्राक्ष महोत्सव के लिए सीहोर में रुकेंगी 21 जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनें

सीहोर। प्रसिद्ध कुबेरेश्वर धाम में आयोजित होने जा रहे भव्य रुद्राक्ष महोत्सव को लेकर इस बार रेलवे और जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ऐतिहासिक कदम उठाया है. पहली बार 21 जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों को अस्थायी रूप से सीहोर रेलवे स्टेशन पर रोका जाएगा. यह सुविधा 13 फरवरी से 22 फरवरी तक कुल 10 दिनों के लिए लागू रहेगी, जिससे देशभर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सीधी और सुगम यात्रा सुविधा मिलेगी.

कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में कुबेरेश्वर धाम पर आयोजित होने वाले रुद्राक्ष महोत्सव और शिव महापुराण कथा को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है. इसकेि अलावा देश के कोने- कोने से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 21 प्रमुख ट्रेनों का स्टापेज सीहोर रेलवे स्टेशन पर किया जा रहा है. इन ट्रेनों के माध्यम से इंदौर, अहमदाबाद, मुंबई, जोधपुर, पुरी, वाराणसी, पटना, कोलकाता, हैदराबाद, गुवाहाटी और तिरुवनंतपुरम जैसे बड़े शहरों से सीहोर को सीधा रेल संपर्क मिलेगा. इससे श्रद्धालुओं को भोपाल या इंदौर उतरकर सड़क मार्ग से आने की परेशानी नहीं होगी और वे सीधे कुबेरेश्वर धाम के नजदीक सीहोर स्टेशन पर उतर सकेंगे. ज्ञात रहे हाल ही में 19489/19490 अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस और 19091/19092 मुंबई बांद्रा-गोरखपुर एक्सप्रेस का सीहोर रेलवे स्टेशन पर स्थायी स्टॉपेज शुरू किया गया है. इससे सीहोर की रेल कनेक्टिविटी को स्थायी मजबूती मिली है और रुद्राक्ष महोत्सव के बाद भी यात्रियों को इसका लाभ मिलता रहेगा.

गत वर्ष रुद्राक्ष महोत्सव के दौरान करीब 5 लाख श्रद्धालु केवल ट्रेनों से सीहोर पहुंचे थे। भारी भीड़ के कारण यात्रियों को अव्यवस्था और असुविधाओं का सामना करना पड़ा था.

इस अनुभव से सीख लेते हुए इस बार रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो पर अस्थायी टेंट, पेयजल, अतिरिक्त सुरक्षा बल और स्वयंसेवकों की व्यवस्था की जा रही है। जिला प्रशासन का मानना है कि यह ऐतिहासिक पहल सीहोर को धार्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करेगी। रुद्राक्ष महोत्सव अब केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सीहोर की पहचान बन चुका है, जहां आस्था के साथ विकास की नई राहें भी खुल रही हैं. रेलवे का यह निर्णय न सिर्फ श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाएगा, क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी नई गति प्रदान करेगा.

इन ट्रेनों को मिला है सीहोर स्टेशन पर ठहराव

12923/12924 डॉ. अम्बेडकर नगर-नागपुर सुपरफास्ट

19301/19302 डॉ. अम्बेडकर नगर-यशवंतपुर

2911/22912 इंदौर-हावड़ा क्षिप्रा

20414/20413 इंदौर-वाराणसी सुपरफास्ट

20416/20415 इंदौर-वाराणसी सुपरफास्ट

14115/14116 डॉ. अम्बेडकर नगर-प्रयागराज

19313/19314 इंदौर-पटना

19321/19322 इंदौर-पटना

19305/19306 डॉ. अम्बेडकर नगर-कामाख्या

22645/22646 इंदौर-तिरुवनंतपुरम नॉर्थ

22191/22192 इंदौर-जबलपुर सुपरफास्ट

12719/12720 जयपुर-हैदराबाद सुपरफास्ट

17019/17020 हिसार-हैदराबाद

22909/22910 वलसाड-पुरी

20814/20813 जोधपुर-पुरी

15560/15559 अहमदाबाद-दरभंगा

19413/19414 अहमदाबाद-कोलकाता

22829/22830 भुज-शालिमार

22673/22674 जोधपुर-मन्नारगुड़ी

22468/22467 गांधीनगर कैपिटल-वाराणसी सुपरफास्ट

19489/19490 अहमदाबाद-गोरखपुर

आज से डायवर्ट होगा रूट

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और हाईवे पर जाम की स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया गया है. यह व्यवस्था 12 फरवरी सुबह 6 बजे से शुरू होकर 21 फरवरी सुबह 6 बजे तक प्रभावी रहेगी.

भारी वाहनों के लिए- भोपाल से इंदौर जाने वाले भारी वाहन मुबारकपुर जोड़ (परवलिया) या तुमड़ा जोड़ (खजूरी) से होकर श्यामपुर-कुरावर-ब्यावरा-मक्सी मार्ग का उपयोग करेंगे. इसी तरह इंदौर-देवास से आने वाले भारी वाहन मक्सी-ब्यावरा होकर भोपाल पहुंचेंगे. छोटे वाहनों के लिए – भोपाल से इंदौर जाने वाले छोटे और सवारी वाहन सीहोर के न्यू क्रिसेंट चौराहा से भाऊखेड़ी जोड़ और अमलाहा होते हुए आष्टा-इंदौर जा सकेंगे. इंदौर से भोपाल आने वाले वाहन भी इसी मार्ग आष्टा-अमलाहा-भाऊखेड़ी जोड़ का पालन करेंगे.

कलेक्टर ने की विस्तृत समीक्षा

कलेक्टर बालागुरू के. ने कुबेरेश्वर धाम में आयोजित बैठक में रूद्राक्ष महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा कर दिशा-निर्देश दिए. समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर ने महोत्सव को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं श्रद्धालु-हितैषी बनाने पर विशेष जोर दिया. बैठक में अपर कलेक्टर वृंदावन सिंह, संयुक्त कलेक्टर रविन्द्र परमार, एसडीएम तन्मय वर्मा सहित सभी संबंधित विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे.

Next Post

अजित पवार विमान हादसा: केबिन क्रू पिंकी माली के परिवार ने उठाये सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग

Wed Feb 11 , 2026
मुंबई, 11 फरवरी (वार्ता) महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार वाले विमान हादसे में जान गंवाने वाली फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली के पिता शिवकुमार माली ने बुधवार को घटना की परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए गहन जांच की मांग की है। पिंकी के पिता शिवकुमार माली ने कहा कि राकांपा […]

You May Like