मुंबई, 11 फरवरी (वार्ता) महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार वाले विमान हादसे में जान गंवाने वाली फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली के पिता शिवकुमार माली ने बुधवार को घटना की परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए गहन जांच की मांग की है।
पिंकी के पिता शिवकुमार माली ने कहा कि राकांपा (शरद पवार) के विधायक रोहित पवार के बताए बिंदुओं ने उन्हें यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या यह महज एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कुछ और कारण थे। उन्होंने मांग की है कि जांच दल को इन राजनीतिक नेताओं के उठाए गए संदेहों को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल करनी चाहिए।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि विमानन कंपनी ‘वीएसआर’ के अधिकारियों ने अभी तक हादसे के वास्तविक कारणों के बारे में कोई स्पष्ट या संतोषजनक जानकारी नहीं दी है। श्री शिवकुमार माली ने भावुक होते हुए कहा, “हमने अपनी बेटी खोई है और यह हमारा हक है कि हम इस त्रासदी के पीछे की असली वजह जानें।”
गत 28 जनवरी को हुई दुर्घटना में अजीत पवार और चालक दल के सदस्यों सहित कई लोगों की मौत हो गई थी। मुंबई के वर्ली स्थित बीडीडी चॉल निवासी पिंकी माली ‘वीएसआर कंपनी’ में फ्लाइट अटेंडेंट के रूप में कार्यरत थीं।
