ग्वालियर:चीनौर थाना क्षेत्र के किशोरगढ़ में शासकीय उचित मूल्य दुकान की जांच के दौरान बड़े पैमाने पर खाद्यान्न कम पाए जाने का मामला सामने आया है। जांच में ऑनलाइन प्रदर्शित स्टॉक की तुलना में 9,670.48 किलो गेहूं, 2,090.24 किलो चावल, 458 किलो नमक, 47 किलो शक्कर और 10 किलो मूंग कम पाए गए। दुकान बंद मिली और विक्रेता मौके पर उपस्थित नहीं था। मामले में दुकान विक्रेता के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी आशीष सिंह तोमर, भितरवार की रिपोर्ट पर चीनौर थाने में अपराध क्रमांक 84/26 दर्ज किया गया है। प्रकरण में आरोपी किशोरीलाल, विक्रेता, शासकीय उचित मूल्य दुकान किशोरगढ़ (दुकान क्रमांक 0403053) है। रिपोर्ट में घटना अवधि 1 नवंबर 2025 से 2 मार्च 2026 तक बताई गई है।
जांच के दौरान दुकान मौके पर बंद पाई गई। दुकान पर नाम बोर्ड और मूल्य सूची बोर्ड प्रदर्शित नहीं होना भी पाया गया। विक्रेता किशोरीलाल मौके पर उपस्थित नहीं हुए। जांच के समय तक दुकान से केवल 27.07 प्रतिशत खाद्यान्न वितरण होना पाया गया।
स्टॉक का भौतिक सत्यापन करने पर ऑनलाइन प्रदर्शित स्टॉक की तुलना में गेहूं 9,670.48 किलोग्राम कम, चावल 2,090.24 किलोग्राम कम, नमक 458 किलोग्राम कम, शक्कर 47 किलोग्राम कम और मूंग 10 किलोग्राम कम मिली। पुलिस के अनुसार मौके पर इतनी मात्रा में स्टॉक कम पाए जाने से खाद्यान्न को खुर्द-बुर्द किया जाना सामने आया है।
चीनौर थाना पुलिस ने आरोपी किशोरीलाल के खिलाफ धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम (ईसी एक्ट) के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की विवेचना उनि शैलेन्द्र सिंह गुर्जर कर रहे हैं।
