भोपाल। भारत गौरव पर्यटक ट्रेन से अगले महीने आप मथुरा, हरिद्वार, ऋषिकेश, अमृतसर और वैष्णो देवी जा सकते हैं. इन दर्शनीय स्थलों का भ्रमण करने के लिए बुकिंग भी शुरू कर दी गई है.
रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार आई.आर.सी.टी.सी. द्वारा “उत्तर दर्शन के साथ गुरुकृपा (अमृतसर) यात्रा” के लिए भारत गौरव पर्यटक ट्रैन का संचालन किया जा रहा है, जो भोपाल मंडल के रानी कमलापति, इटारसी, विदिशा और बीना प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। यह यात्रा विशेष रूप से मध्यप्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत सुविधाजनक और लाभकारी है।
9 रातें और 10 दिन की धार्मिक यात्रा
यह विशेष पर्यटक ट्रेन 27 मई को रीवा से शुरू होकर सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, इटारसी, रानी कमलापति, विदिशा, बीना और झाँसी होते हुए चलेगी। इन स्टेशनों से यात्री इस पवित्र यात्रा में शामिल हो सकते हैं। 9 रातें और 10 दिन की इस धार्मिक यात्रा में यात्रियों को सभी दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इस यात्रा का शुल्क प्रति व्यक्ति ₹17,600/- (स्लीपर – इकॉनॉमी श्रेणी), ₹28,700/- (3 एसी – स्टैण्डर्ड श्रेणी), एवं ₹37,800/- (2एसी – कम्फर्ट श्रेणी) निर्धारित किया गया है। इस शुल्क में भारत गौरव ट्रेन के विशेष एलएचबी कोच में आरामदायक रेल यात्रा, ऑन-बोर्ड एवं ऑफ-बोर्ड शाकाहारी भोजन, पर्यटन स्थलों तक गुणवत्तायुक्त वातानुकूलित बस सुविधा, यात्रा कार्यक्रम अनुसार आवास व्यवस्था, अनुभवी टूर एस्कॉर्ट्स की सेवा, यात्रा बीमा, ऑन-बोर्ड सुरक्षा एवं हाउसकीपिंग जैसी सभी सुविधाएँ सम्मिलित हैं। यह एक पूर्णतः सर्वसमावेशी टूर रहेगा. इच्छुक यात्री अपनी बुकिंग आई.आर.सी.टी.सी. की वेबसाइट पर ऑनलाइन या किसी अधिकृत एजेंट के माध्यम से बुकिंग करा सकते हैं।
