37 फिश पार्लर और बंगाली ब्रिज के नीचे स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स बनेगा

इंदौर:नगर निगम इंदौर द्वारा शहर में 37 फिश पार्लर बनाने की योजना तैयार की गई है. इस संबंध में कार्यवाहक महापौर राजेंद्र राठौर ने मेयर इन काउंसिल सदस्य अश्विनी शुक्ल के साथ मिलकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में दौरा कर फिश पार्लर के लिए उपयुक्त स्थानों का निरीक्षण किया. राठौर ने बताया कि इन फिश पार्लरों से शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं आधुनिक वातावरण में ताज़ा मछली उपलब्ध होगी.

पार्लरों में आधुनिक सुविधाएं जैसे फ्रीजर, डिस्प्ले यूनिट्स एवं स्वच्छ विक्रय स्थल उपलब्ध कराए जाएंगे. मछली पालकों एवं विक्रेताओं को इन पार्लरों में अपनी मछली बेचने के लिए मंच मिलेगा, जिससे उन्हें स्थानीय बाजार मिलेगा एवं आय में वृद्धि होगी.राठौर ने बंगाली ब्रिज के नीचे निर्माणाधीन इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का भी निरीक्षण किया. यह स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स लगभग 61 लाख रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है.

इस कॉम्पलेक्स का उद्देश्य न केवल नव-निर्मित ब्रिज के बोगदों को अतिक्रमण से बचाना है, बल्कि खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना भी है. यहां स्केटिंग ट्रैक, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, बास्केटबॉल जैसी गतिविधियों की सुविधाएं रहेंगी. इसके अतिरिक्त फ्लोरिंग, नेट लगाना, जाली लगाना जैसे कार्य भी किये जा रहे हैं, जिससे खेल प्रेमियों को बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके.

Next Post

संपदा 2.0 में हैं समस्याएं इससे सर्विस प्रोवाइडर और जनता परेशान

Fri Apr 25 , 2025
इंदौर: रजिस्ट्रार कार्यालय में रजिस्ट्री को लेकर संपदा 2.0 साफ्टवेयर में कई समस्याएं हैं. समस्याओं के कारण सर्विस प्रोवाइडर और जनता दोनों परेशान हो रहे हैं. उक्त समस्या और परेशानी को लेकर आज वकीलों का दल महानिरीक्षक पंजीयन से मिला और शिकायत की. 1 अप्रैल से राज्य सरकार ने दस्तावेज […]

You May Like