विधायक विपिन जैन की पहल लाई रंग

मंदसौर। मंदसौर विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देने वाली एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के तहत क्षेत्र के विधायक श्री विपिन जैन के सतत प्रयासों से दलौदा चौपाटी से ऐलची, वाया सेमलिया, आकोदड़ा होते हुए करजू तक पहुंच मार्ग के टू-लेन उन्नयन कार्य के लिए ₹12 करोड़ 29 लाख की प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हुई है। इस स्वीकृति से क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

उल्लेखनीय है कि विधायक श्री विपिन जैन ने वर्ष 2024 में इस महत्वपूर्ण मार्ग के चौड़ीकरण एवं उन्नयन की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर क्षेत्र की जनसमस्याओं से अवगत कराया था। इसके बाद उन्होंने शासन स्तर पर लगातार प्रभावी पहल एवं सतत अनुश्रवण किया, जिसके परिणामस्वरूप मध्यप्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण द्वारा इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई।

दलौदा चौपाटी से ऐलची, सेमलिया, आकोदड़ा होते हुए करजू तक का यह मार्ग क्षेत्र की कृषि, व्यापार एवं ग्रामीण आवागमन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह मार्ग कृषि उपज मंडी, धार्मिक स्थलों तथा अनेक ग्रामों को जोड़ता है। लंबे समय से मार्ग की संकीर्णता एवं बढ़ते यातायात के कारण क्षेत्रवासियों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। टू-लेन उन्नयन कार्य पूर्ण होने के बाद यातायात अधिक सुरक्षित, सुगम एवं तेज होगा, जिससे किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी नई गति प्राप्त होगी।

इस महत्वपूर्ण सौगात पर विधायक श्री विपिन जैन ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रह्लाद सिंह पटेल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग और जनहित के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण से यह महत्वपूर्ण कार्य संभव हो सका है।

विधायक श्री विपिन जैन ने कहा कि क्षेत्र के विकास, बेहतर सड़क संपर्क और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता ने जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर खरा उतरने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं और भविष्य में भी विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।

उन्होंने क्षेत्र की समस्त जनता को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह सड़क परियोजना मंदसौर विधानसभा क्षेत्र के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगी ।

Next Post

कपुर्दा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर 1 किलो गांजा किया जब्त

Mon Jul 20 , 2026
छिंदवाड़ा । चौकी कपुर्दा पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 1 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा और परिवहन में प्रयुक्त कार जब्त कर कुल 10.20 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। पुलिस से […]

You May Like