
छिंदवाड़ा । चौकी कपुर्दा पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 1 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा और परिवहन में प्रयुक्त कार जब्त कर कुल 10.20 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन तथा एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना चैरई चैकी कपुर्दा पुलिस ने 19 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर कपुर्दा नगर के पास वाहन की घेराबंदी की। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 1.01 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कमलेश उर्फ पप्पू (38) निवासी ग्राम कुंडा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 12 हजार रुपये कीमत का गांजा तथा एमपी-28 जेडएम-5853 क्रमांक की कार (कीमत लगभग 9 लाख रुपये) जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत 10 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 20 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। कार्रवाई में चौकी प्रभारी एवं पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
