
उज्जैन। नगर निगम चुनाव में लगभग एक वर्ष का समय शेष है और इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गृह नगर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सोमवार को भारतीय जनता पार्टी ने नगर निगम के लिए आठ एल्डरमैन नियुक्त किए। वहीं भारतीय जनता युवा मोर्चा को नया नगर अध्यक्ष मिला। दूसरी ओर कांग्रेस ने भी एनएसयूआई के शहर अध्यक्ष की घोषणा कर संगठन को सक्रिय करने की दिशा में कदम बढ़ाया। इन नियुक्तियों को आगामी निकाय और विधानसभा चुनावों की तैयारियों से जोडक़र देखा जा रहा है।
नगर निगम में मनोनीत हुए आठों एल्डरमैन लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहे हैं। मनोनयन से कार्यकर्ताओं में उत्साह है। लेकिन यह चर्चा भी है कि उनका कार्यकाल केवल लगभग एक वर्ष का ही रहेगा। ऐसे में उन्हें सीमित समय में नगर निगम की कार्यप्रणाली समझने के साथ-साथ शहर के विकास और सिंहस्थ-2028 से जुड़े कार्यों में भी भूमिका निभानी होगी। संगठन के अनुभवी कार्यकर्ताओं का मानना है कि नए एल्डरमैन जल्द ही नगर निगम की व्यवस्थाओं से परिचित होकर अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।
यह आठ एल्डरमैन
मध्य प्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने सोमवार को मुकेश मालवीय,अशोक देवड़ा, मनीष खण्डेलवाल अरविन्द उपाध्याय, मुकेश चौधरी,धर्मेन्द्र बरूआ, शैलेन्द्र यादव, मधुकर राव को एल्डरमैन पद पर नियुक्त कर दिया। इनके मनोनयन पर समर्थक और भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है।
सेन बने मोर्चा अध्यक्ष-शुक्ला एनएसयूआई
भारतीय जनता युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष पद पर नितिन सेन की नियुक्ति भी चर्चा का विषय रही। इस पद के लिए कई दावेदार मैदान में थे, बावजूद संगठन ने नितिन सेन पर भरोसा जताया। वहीं निवर्तमान अध्यक्ष हर्षवर्धन कुशवाहा के कार्यकाल को भी सफल माना जा रहा है। संगठनात्मक कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भूमिका के कारण उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने की चर्चाएं हैं। उधर कांग्रेस ने भी हिमांशु शुक्ला को एनएसयूआई का शहर अध्यक्ष नियुक्त किया है। लंबे समय से सोशल मीडिया और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय हिमांशु शुक्ला को नई जिम्मेदारी मिलने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखा गया।
