इंदौर: नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव ने विभागीय समीक्षा बैठक में कहा कि स्वच्छता अभियान एक दिन का नहीं, बल्कि लगातार चलने वाला कार्य है. इंदौर की स्वच्छता पहचान बनी रहे, इसके लिए सभी विभाग मैदान में रहकर काम करें. उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में कहीं भी अवैध निर्माण होने पर कॉलोनी सेल और भवन अनुज्ञा शाखा दोनों जिम्मेदार होंगे. आयुक्त ने कहा कि बारिश थमने के बाद सड़कों के पेंचवर्क कार्य तेजी से शुरू हों.
यातायात व्यवस्था पर भी उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सभी व्यवसायिक भवनों में निर्धारित पार्किंग अनिवार्य हो. यदि अनुमति अनुसार पार्किंग नहीं मिली तो संबंधित भवन मालिक के साथ अधिकारी भी जिम्मेदार होंगे. आयुक्त ने अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने और जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए. बैठक में निगम के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे
