भोपाल। गुरुवार को जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने कोकता बाईपास क्षेत्र में एक दो मंजिला इमारत को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। प्रशासन के अनुसार यह निर्माण बिना अनुमति और नक्शे के खिलाफ किया गया था, जिसकी कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह जमीन सरकारी बताई जा रही है, जिस पर अवैध कब्जा हटाने के लिए कार्रवाई की गई।
अधिकारियों का कहना है कि कई बार नोटिस देने के बावजूद निर्माण कार्य नहीं रोका गया, इसलिए यह कदम उठाना पड़ा। इमारत राकेश यादव के नाम पर है, जो कथित रूप से सोहेल मछली के यहां मुनीम के रूप में काम करता है। प्रशासन का दावा है कि असली मालिक सोहेल मछली है।
वहीं, मकान मालिक ने प्रशासन की कार्रवाई को गैरकानूनी बताया है। उनका कहना है कि मामला अभी अदालत में लंबित है और कोई अंतिम नोटिस नहीं मिला था। इसके अलावा, रहने की वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की गई।
