याउंडे, 15 सितंबर (वार्ता) कैमरून के एंग्लोफोन उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र के एक बार में रविवार को हुए आईईडी विस्फोट में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।
सुरक्षा सूत्रों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार यह विस्फोट क्षेत्र के बतिबो इलाके में हुआ। बम एक पुलिस स्टेशन के पास एक बार में लगाया गया था।
एक क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी ने बताया, “आतंकवादियों के एक समूह ने बार को निशाना बनाया क्योंकि पुलिसकर्मी अक्सर वहाँ जमा रहते हैं।” “हालांकि, विस्फोट के दौरान कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं था। सभी पीड़ित नागरिक थे जो दोस्तों और परिवार के साथ समय बिता रहे थे।”
किसी भी समूह ने ज़िम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन स्थानीय अधिकारियों ने इस हमले के लिए क्षेत्र में सक्रिय अलगाववादी लड़ाकों को ज़िम्मेदार ठहराया है।
अलगाववादियों ने सोमवार को स्कूलों के फिर से खुलने और अक्टूबर में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव को बाधित करने के लिए कैमरून के अंग्रेजी भाषी उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम क्षेत्रों में एक महीने का लॉकडाउन शुरू किया।
अलगाववादी 2017 से इन क्षेत्रों में एक स्वतंत्र राष्ट्र बनाने की कोशिश में सरकारी बलों के साथ संघर्ष कर रहे हैं।
