नयी दिल्ली, 10 फरवरी (वार्ता) विभिन्न केंद्रीय कर्मचारी संघों की 12 फरवरी को आहूत राष्ट्रव्यापी हड़ताल के कारण बैंकों में कामकाज प्रभावित हो सकता है।
भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने शेयर बाजारों को इंडियन बैंक एसोसिएशन (आईबीए) के परामर्श के हवाले से बताया है कि ऑल इंडिया बैंक इम्पलॉइज एसोसिएशन (एआईबीईए), बैंक इम्पलॉइज फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीईएफआई) और ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (एआईबीओए) ने गुरुवार 12 फरवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर जाने के अपने फैसले के बारे में नोटिस दिये हैं।
पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने भी बताया कि उसे वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग से इन संगठनों के 12 फरवरी को हड़ताल पर जाने की जानकारी मिली है।
एसबीआई और पीएनबी ने कहा है कि वे अपनी-अपनी शाखाओं और कार्यालयों में सुचारू कामकाज सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठा रहे हैं, लेकिन हड़ताल का असर बैंक के काम पर पड़ सकता है।
उल्लेखनीय है कि 10 केंद्रीय कर्मचारी संघों ने सरकार को किसान और कर्मचारी विरोधी तथा कॉरपोरेट हितैषी बताते हुए हड़ताल बुलायी है। वे चार नयी श्रम संहिताओं को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि ये श्रम संहिताएं कर्मचारियों के हितों को नुकसान पहुंचाती हैं।
