सीनियर पुरुष राष्ट्रीय कोचिंग शिविर में 33 खिलाड़ी भाग लेंगे: हॉकी इंडिया

बेंगलुरु, (वार्ता) हॉकी इंडिया ने कहा है कि बेंगलुरु में स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) केन्द्र में 14 जुलाई से सात अगस्त चलने वाले सीनियर पुरुष राष्ट्रीय कोचिंग शिविर के लिए 33 खिलाड़ी भाग लेंगे।

हॉकी इंडिया के अनुसार यह शिविर दो प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं, ऑस्ट्रेलिया दौरे और बिहार के राजगीर में 2025 में होने वाले महत्वपूर्ण हीरो एशिया कप के लिए भारतीय टीम की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण चरण है, क्योंकि 29 अगस्त से सात सितंबर तक होने वाले एशिया कप की विजेता एफआईएच हॉकी पुरुष विश्वकप 2026 के लिए सीधे क्वालीफाई करेगी।

गोलकीपिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ है और कृष्ण बी पाठक, सूरज करकेरा, पवन और मोहित होनेनहल्ली शशिकुमार अपनी भूमिकाएं जारी रखेंगे।

रक्षात्मक पंक्ति में सुमित, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, नीलम संजीप जेस, अमनदीप लाकड़ा, हरमनप्रीत सिंह, जरमनप्रीत सिंह, संजय और यशदीप सिवाच शामिल होंगे।

मिडफील्ड में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलन है, जिसमें राज कुमार पाल, नीलकांत शर्मा, हार्दिक सिंह, मोइरंगथेम रबीचंद्र सिंह, पूवन्ना चंदुरा बॉबी, राजिंदर सिंह, विष्णु कांत सिंह, मनप्रीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद और शमशेर सिंह शामिल हैं।

गुरजंत सिंह, अभिषेक, शिलानंद लाकड़ा, आदित्य अर्जुन लालगे, सेल्वम कार्थी, मनदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह, सुखजीत सिंह, उत्तम सिंह और अंगद बीर सिंह जैसे खिलाड़ियों के साथ फॉरवर्ड लाइन में है।

शिविर से पहले भारतीय पुरुष हॉकी टीम के मुख्य कोच क्रेग फल्टन ने कहा, “यूरोप में प्रो लीग मैचों को देखते हुए हमें लगा कि टीम ने हर मैच में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन हम अच्छी फिनिश हासिल नहीं कर पाए, जैसा कि हमने भुवनेश्वर में प्रभावी ढंग से किया था। यह एक ऐसा क्षेत्र है जिसमें हमें सुधार करने की जरूरत है।”

उन्होंने कहा, “इस अगले प्रशिक्षण शिविर के लिए हमारे उद्देश्य स्पष्ट हैं -“डिफेंड टू काउंटर टू विन’ दृष्टिकोण को और मजबूत करना। अभी भी काम बाकी है लेकिन बिहार में होने वाले एशिया कप की तैयारी के लिए यह एक रोमांचक समय है। उस टूर्नामेंट को जीतने का मतलब होगा विश्वकप के लिए सीधे क्वालीफाई करना और यह हम सभी के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।”

 

 

 

Next Post

बीजद कार्यकर्ताओं ने भाजपा विधायक की गिरफ्तारी की मांग की

Fri Jul 11 , 2025
भुवनेश्वर, (वार्ता) बीजू महिला जनता दल (बीजद) ने आज वरिष्ठ बीजद नेता और पार्टी प्रवक्ता लेखाश्री सामंतसिंहर के खिलाफ कथित रूप से अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक संतोष खटुआ की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। बीजद महिला विंग की सदस्यों ने भुवनेश्वर में […]

You May Like