पत्नी की हत्या के बाद पति ने जहर खाकर दी जान, मासूम बेटी के रोने पर खुला बंद कमरे का राज

इंदौर: हीरानगर थाना क्षेत्र के मेघदूत नगर में बीती रात एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहाँ एक पति ने चरित्र शंका और प्रेम प्रसंग के विवाद मंर पहले अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर खुद भी जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. इस खौफनाक वारदात का खुलासा सुबह तब हुआ, जब दोनों की मासूम बच्ची कमरे में शवों के पास बैठकर बिलख बिलख कर रो रही थी. रोने की आवाज सुनकर आए पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं.

हीरानगर थाना प्रभारी सुशील पटेल ने बताया कि घटना सुबह करीब साढ़े छह बजे के आसपास उजागर हुई. मेघदूत नगर में रहने वाले हल्के वीर पटेल उर्फ हल्के सिंह और उनकी पत्नी का शव उनके ही बंद कमरे में मिला. सुबह जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला और भीतर से हल्के सिंह की छोटी बेटी के लगातार रोने की आवाज आने लगी, तो आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई. पड़ोसियों ने तुरंत हीरानगर पुलिस को सूचित किया. मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने जब दरवाजा तोड़ा, तो भीतर का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए.

महिला का शव लहूलुहान हालत में पड़ा था और पास ही हल्के सिंह भी मृत अवस्था में मिला. पुलिस की प्राथमिक जांच और आस पड़ोस से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा परिवार मूल रूप से होशंगाबाद का रहने वाला था और यहाँ किराए से रह रहा था. हल्के सिंह पीथमपुर की एक नामी पेस्टीसाइड्स कंपनी में नौकरी करता था. बताया जा रहा है कि हल्के सिंह की पत्नी का पीथमपुर में ही रहने वाले सुनील साहू नामक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था. कुछ समय पहले ही हल्के सिंह को अपनी पत्नी और सुनील के इन संबंधों के बारे में भनक लगी थी, जिसके बाद से ही घर में लगातार गृहक्लेश और मानसिक तनाव की स्थिति बनी हुई थी.

विवाद को सुलझाने और पत्नी के प्रेमी को चेतावनी देने के लिए हल्के सिंह शनिवार को अपने एक रिश्तेदार को साथ लेकर पीथमपुर भी गया था. वहां उसने सुनील साहू से मुलाकात की थी और उसे पत्नी से दूर रहने की बात कहकर समझाया भी था. वहां से लौटने के बाद रात में पति-पत्नी के बीच एक बार फिर इसी बात को लेकर भारी विवाद हुआ. तड़के गुस्से और अवसाद में आकर हल्के सिंह ने पहले अपनी पत्नी को मौत के घाट उतारा और फिर खुद भी कंपनी से लाया हुआ कीटनाशक या जहर गटक लिया. हीरानगर पुलिस ने एफएसएल टीम की मौजूदगी में घटनास्थल का मुआयना करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भिजवा दिया है. पुलिस ने मामले की गहराई से तस्दीक करने के लिए मृतक हल्के सिंह और उसकी पत्नी, दोनों के मोबाइल फोन को तकनीकी जांच के लिए जब्त कर लिया है

Next Post

परिवहन कार्य में संलग्न सभी वाहनों पर नंबर प्लेट लगाना अनिवार्य

Sun May 24 , 2026
मुरैना: मध्यप्रदेश के मुरैना में कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक शनिवार को यहां आयोजित की गई, जिसमें सभी वाहनों पर नम्बर प्लेट लगाना अनिर्वाय किया गया है।बैठक में पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा, वनमंडल अधिकारी हरिश चंद्र बघेल, जिला खनिज अधिकारी सुखदेव कुमार […]

You May Like