इंदौर: सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस का हेलमेट जागरूकता अभियान लगातार जारी है. अब तक 29 कार्यक्रमों में 4150 से ज्यादा हेलमेट जरूरतमंद चालकों को वितरित किए जा चुके हैं. मंगलवार को पलासिया चौराहे पर पुलिस कमिश्नर की मौजूदगी में विशेष अभियान चलाया गया.पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आर के सिंह के मार्गदर्शन में ट्रैफिक पुलिस शहरभर में हेलमेट को लेकर जागरूकता अभियान चला रही है.
जिसके तहत मंगलवार को पलासिया चौराहे पर 29वां हेलमेट पहनें सुरक्षित रहें अभियान आयोजित किया गया, जिसमें डीसीपी (ट्रैफिक) राजेश कुमार त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे. अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए वाहन चालकों खिलाफ पहले चालान की कार्रवाई की गई, इसके बाद उन्हें सड़क सुरक्षा का महत्व समझाते हुए हेलमेट भी दिए.
कागजात पूर्ण पाए जाने वाले चालकों को हेलमेट देकर किया सम्मानित
इस दौरान जो चालक स्वेच्छा से हेलमेट पहनकर पहुंचे, उनकी सराहना करते हुए पुलिस ने उन्हें उपहार देकर सम्मानित किया. वहीं, अभियान के दौरान जिन दोपहिया चालकों के दस्तावेज पूरे पाए गए, उन्हें भी हेलमेट वितरित किए गए. ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि लगातार अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके और लोग नियमों का पालन करें
