
सतना। एसडीएम रघुराज नगर राहुल सिलाडिया द्वारा विगत दिवस गैवीनाथ विपणन सहकारी संघ स्थित चना एवं मसूर उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्र की व्यवस्थाओं, उपार्जन कार्य एवं किसानों से संवाद कर स्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण में पाया गया कि केंद्र पर पेयजल की समुचित व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। इस पर तत्काल सुधार के निर्देश देते हुए श्रमिकों की सुविधा के लिए दो अतिरिक्त पानी के मटके रखने को कहा गया। केंद्र पर गोदाम उपलब्ध होने के कारण तिरपाल की आवश्यकता नहीं पाई गई।
उपार्जन की समीक्षा में बताया गया कि चना का समर्थन मूल्य 5 हजार 875 रूपये प्रति क्विंटल निर्धारित है, जिसके तहत अब तक 200 क्विंटल चना खरीदा जा चुका है। मसूर का समर्थन मूल्य 7 हजार रूपये प्रति क्विंटल है और 2 हजार 200 रूपये प्रति क्विंटल मसूर का उपार्जन किया जा चुका है। निरीक्षण के दौरान किसानों से भी चर्चा की गई। भरहुत (उचेहरा) के किसान पुष्पेंद्र सिंह एवं कोठरा के किसान प्रदीप सिंह ने उपार्जन व्यवस्था को संतोषजनक बताया। ग्राम हाटी के किसान अजय सिंह द्वारा बोरी के वजन को लेकर प्रश्न उठाया गया, जिस पर मौके पर जांच की गई। जांच में एक बोरी में 200 ग्राम तथा दूसरी बोरी में 1 किलो 100 ग्राम अतिरिक्त वजन पाया गया। इसके अलावा निरीक्षण पंजी का संधारण भी ठीक नहीं पाया गया, जिस पर संबंधित प्रबंधन को सुधार के निर्देश दिए गए। केंद्र के प्रबंधक वीरेन्द्र सिंह को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने एवं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
