
भोपाल। ईटखेड़ी थाना पुलिस ने दानिश नाम के युवक पर जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को हिरासत में लिया है. दोनों आरोपियों से पुलिस फरार हुए आरोपियों की जानकारी जुटा रही है. पीड़ित के स्वास्थ्य में सुधार आने के बाद पुलिस ने बयान भी दर्ज किया है.
जानकारी के अनुसार इलाके में रहने वाले दानिश से पुलिस ने डाक्टरों की सलाह लेते हुए बात की. पूछताछ में दानिश ने बताया है कि इलाके में रहने वाले रुसी नाम के युवक से उनकी पुरानी रंजिश है. इसी चलते रुसी से कई बार उनके झगड़े भी पहले हो चुके हैं. वारदात के समय हमला करने आये बदमाशों ने यह भी कहा था कि गोली चलाने की बात बोली गई थी. इस लिए गोली चला भी दी गई. दानिश ने पुलिस को बताया कि घटना की रात वह अपनी कार से परिवार के लोगों को साथ लेकर घर की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान बदमाशों ने कार में रुकवाई और उन्हें बाहर खींच लिया. दानिश को बचाने के लिए बीच में आई उनकी पत्नी पर भी बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया. इस हमले से दानिश की पत्नी के हाथ में चोटें आईं. पीडि़त के बयान के आधार पर पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है.
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने आरोपी शाहबाज और फरदीन को हिरासत में लिया है. दोनों पर आरोप है कि वारदात के समय हमला करने वालों के बीच यह दोनों भी शामिल थे. मामले में आरोपियों शन्नू वजनदार, जुबैर किलकिल और उनके कुछ साथियों के नाम सामने आए हैं. आरोप है कि बदमाशों ने शुक्रवार की रात को दानिश से बहस करते हुए पहले 3 राउंड फायरिंग की. इसके बाद चाकू से दानिश के पेट में हमला कर दिया. हमला करने के बाद से सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस मामले में लगातार कार्रवाई कर रही है.
