
अनूपपुर।
अनूपपुर जिले के अंतिम क्षेत्र में बसे राजनगर,रामनगर,डोला आमाडांड,बरतराई जहां खुली एवं भूमिगत खदान संचालित है जिसकी वजह से यहां का भू जल स्तर बहुत नीचे चला गया है। जल स्रोत जैसे कुआं तालाब गर्मी आते ही सूखने लगते हैं जिसकी वजह से लोगों को जल संकट का सामना करना पड़ता है। खदानें संचालित होने की वजह से यहां लगने वाले हैंडपंप पानी की जगह हवा उगलते हैं तथा बोर भी उतने सफल नहीं हो पाते हैं जिसकी वजह से लोगों को पीने योग्य तक पानी की किल्लत का सामना करना पड़ता है ।यह स्थिति गर्मी के मौसम आते ही और ज्यादा भयावह हो जाती है।
पिछले कई दिनों से नगर परिषद बनगवां के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में जल सप्लाई की सुविधा नगण्य हो चुकी है जिससे लोगों को जल से संबंधित कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है लेकिन प्रबंधन से संपर्क करने के बावजूद कोई हल न निकलने के कारण आज उपक्षेत्रीय प्रबंधक राजनगर के कार्यालय के सामने लोगों ने धरना प्रदर्शन कर दिया। खान प्रबंधन से नाराज लोगों ने अपना गुस्सा दिखाया तथा साथ ही मांग रखी कि हमें स्वच्छ जल की आपूर्ति खान प्रबंधन द्वारा किया जाना चाहिए नहीं तो हमें आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। आज की इस प्रदर्शन में पुरुषों के साथ महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा अपना गुस्सा खान प्रबंधन के सामने जाहिर किया।
पानी की समस्या से जूझ रहे लोगों के विरोध प्रदर्शन को उप क्षेत्रीय प्रबंधक के आश्वासन के पश्चात खत्म किया गया आज के इस विरोध प्रदर्शन में नगर परिषद बनगवां अध्यक्ष यशवंत सिंह उपाध्यक्ष धनंजय सिंह मंडल अध्यक्ष कमलेश चतुर्वेदी के साथ ही नगर परिषद बनगवां के पार्षद समय पटेल,मनोज चंदेल, गिरजा विश्वकर्मा, भीम जायसवाल, अजीत सिंह, पुल्लु दुबे, सचिन द्विवेदी तथा नगर परिषद बनगवां के अंतर्गत आने वाले रहवासी क्षेत्र के महिलाएं एवं पुरुष सम्मिलित रही।
