बुधनी। थाना क्षेत्र में रविवार रात करीब 8.15 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई. कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक 21 वर्षीय जितेंद्र पिता रामचंद्र, निवासी ग्राम सलेया भज्जू थाना नर्मदापुरम तथा उसका साथी 20 वर्षीय कावेंद्र पिता भूपतलाल, निवासी ग्राम पिपरिया थाना शाहपुर जिला डिंडोरी, वर्तमान में बुधनी के पास पीलीकरार क्षेत्र में रहकर मजदूरी का कार्य करते थे. रविवार शाम दोनों बाइक से बुधनी आ रहे थे.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार बाइक सवारों को घसीटते हुए सड़क से नीचे जा गिरी. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने किसी तरह दोनों युवकों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल भिजवाया, जहां एक युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. गंभीर घायल दूसरे युवक को नर्मदापुरम जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई. पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में कार चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
