जबलपुर के नवाचार ने पूरे प्रदेश को दी नई दिशा

जबलपुर: पिछले दो वर्ष की अभूतपूर्व सफलता के बाद लगातार तीसरे वर्ष गोल बाजार स्थित शहीद स्मारक परिसर में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किये जा रहे बारह दिनों के पुस्तक मेला में छठवें दिन सोमवार को भी रियायती दरों पर निजी स्कूलों की पाठ्य पुस्तकें, यूनिफार्म और अन्य शैक्षिक सामग्री खरीदने विद्यार्थियों और अभिभावकों का तांता लगा रहा।छठवें दिन जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोंटिया ने पुस्तक मेला का अवलोकन किया। श्रीमती गोंटिया पुस्तक मेला के छठवें दिन की सांस्कृतिक संध्या की मुख्य अतिथि थीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, माध्यमिक शिक्षा मंडल के उपाध्यक्ष श्रीनिवास राव एवं साहित्यकार आलोक पाठक ‘उपस्थित रहे।

अतिथियों ने माँ सरस्वती के पूजन के साथ सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा गोंटिया ने बताया कि जबलपुर सदैव नवाचारों के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि संस्कारधानी नवाचारों की जननी है। शिक्षा की बेहतरी के लिए जबलपुर ने हमेशा प्रदेश और देश को मार्ग दिखाया है। श्रीमती गोंटिया ने पुस्तक मेला में लगे बुक बैंक स्टॉल की सराहना करते हुये अभिभावकों और बच्चों से इसका अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने बच्चों को सलाह दी कि वे साल भर अपनी पुस्तकों को सहेज कर रखें और पढ़ाई पूरी होने के बाद उन्हें बुक बैंक को दान करें, ताकि वे जरूरतमंद बच्चे को शिक्षा ग्रहण करने में मददगार बन सकें।नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज ने भी इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त किये। उन्होंने पुस्तक मेला के आयोजन के लिये जिला प्रशासन की सराहना की।
नवाचारों को मिल रही सराहना
पुस्तक मेला में बुक बैंक के स्टॉल के साथ-साथ रीड ऑन रेंट जैसे नवाचार आकर्षण का केंद्र बने हुये हैं। बच्चों और अभिभावकों द्वारा इन्हें सराहा जा रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने बताया मेले में शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य जागरूकता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस वर्ष मेले में एचपीवी वैक्सीन का विशेष काउंटर लगाया गया है, जहाँ 14 वर्ष की आयु समूह की बच्चियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव की जानकारी और टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अतिरिक्त, कृषि विभाग द्वारा जैविक खेती के उत्पादों का स्टॉल भी लगाया गया है। विद्यार्थियों को ‘रीड ऑन रेंट’ की सुविधा भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, जहाँ मात्र 5 रुपये में दिन भर ज्ञानवर्धक पुस्तकें पढ़ी जा सकती हैं।
5 अप्रैल तक प्रतिदिन जारी रहेगा पुस्तक मेला
पुस्तक मेला आगामी 5 अप्रैल तक प्रतिदिन जारी रहेगा। रविवार और शनिवार को यह मेला दोपहर बजे से रात 10 बजे तक तथा शेष दिनों में शाम 4 बजे से रात दस बजे तक खुला रहेगा। पुस्तक मेला में प्रतिदिन श्शाम 6 बजे से सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जा रहा है और इसमें विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जा रही हैं।
एक अप्रैल से शुरू होगा स्कूल चलें हम अभियान
पुस्तक मेला में मंच से एक अप्रैल से शुरू हो रहे नवीन शैक्षणिक सत्र की शुरुआत पर स्कूल चलें हम अभियान के शुभारंभ और शालाओं में प्रवेश उत्सव के आयोजन की जानकारी भी दी गई। अभिभावकों को प्रेरित किया गया कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें और प्रवेशोत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाएं।

Next Post

उत्साह से मना भगवान का जन्म कल्याणक

Tue Mar 31 , 2026
शाहगंज। जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर एवं विश्व को अहिंसा का संदेश देने वाले वर्तमान शासन नायक 1008 श्री भगवान महावीर स्वामी का 2625 वा जन्म कल्याणक महोत्सव नगर के श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में मनाया गया. इस अवसर पर अभिषेक शांतिधारा पूजा एवं धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया […]

You May Like