चिंताहरण के पास कार और ई-रिक्शा की जोरदार भिड़ंत, दो लोग घायल

गुना:एबी रोड क्षेत्र में चिंताहरण मंदिर के पास एक तेज रफ्तार कार और ई-रिक्शा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में ई-रिक्शा चालक सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना शनिवार सुबह करीब 11 बजे हुई। बताया जा रहा है कि एबी रोड पर स्थित शराब दुकान के सामने एक ई-रिक्शा अचानक लहराते हुए दूसरे छोर से आ रही तेज रफ्तार कार के सामने आ गया, जिसकी वजह से कार चालक नियंत्रण नहीं रख सका और दोनों के बीच सीधी भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा में सवार दोनों व्यक्ति सड़क पर काफी दूर जाकर गिरे। हादसे में कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। दुर्घटना में घायल हुए लोगों की पहचान दीपक यादव और कल्लू भाई के रूप में हुई है। दीपक यादव, गोकुल सिंह चक का निवासी हैं और ई-रिक्शा चलाता है। वहीं दूसरा घायल कल्लू भाई मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला हैं और पिछले 8 सालों से गुना के गोकुल सिंह चक में रहकर ढोल बजाकर अपना जीवन यापन कर रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, एक घायल की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है।

हादसे के बाद स्वास्थ्य विभाग लचर व्यवस्था भी सामने आई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दुर्घटना के बाद करीब 20 मिनट तक एम्बुलेंस को फोन किया गया, लेकिन वह मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद समाजसेवी धर्मवीर सिंह ढिल्लो ने तत्परता दिखाते हुए एक निजी ऑटो की व्यवस्था की और दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। समय पर मदद न मिलने को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया।

Next Post

बारिश से पहले दुरुस्त हों सीवर लाइनें, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई – अपर मुख्य सचिव

Sat May 9 , 2026
ग्वालियर: एलिवेटेड रोड निर्माण के कारण क्षतिग्रस्त हुई सीवर लाइनों, मैनहोल और सीवर चेंबरों की मरम्मत बारिश से पहले हर हाल में पूरी की जाए। शहरवासियों को वर्षाकाल में सीवर संबंधी किसी भी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए संबंधित अधिकारी तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। […]

You May Like