डलास, 18 जून (वार्ता) इंग्लैंड ने फीफा विश्वकप 2026 में ग्रुप एल में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रोएशिया पर 4-2 की रोमांचक जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की । हैरी केन द्वारा 12वें मिनट में दोबारा लिए गए पेनल्टी गोल ने थॉमस ट्यूशेल की टीम को शानदार शुरुआत दिलाई, जिसके बाद मार्टिन बटुरिना ने 36वें मिनट में बॉक्स के बाहर से घुमावदार शॉट लगाकर बराबरी का गोल दाग दिया। केन ने डेक्लान राइस के कॉर्नर पर हेडर लगाकर इंग्लैंड को फिर से बढ़त दिला दी, लेकिन पेटार मूसा ने क्रोएशिया के शानदार आक्रमण को अंजाम देते हुए पहले हाफ के स्टॉपेज टाइम में स्कोर को फिर से बराबर कर दिया।
दूसरे हाफ के शुरू होने के महज दो मिनट बाद जूड बेलिंघम ने इंग्लैंड को फिर से बढ़त दिला दी। उन्होंने इलियट एंडरसन का पास लेकर क्रोएशिया के गोलकीपर डोमिनिक लिवाकोविक को चकमा देते हुए निचले शॉट को मारा , जो दूर के पोस्ट से टकराकर गोल में चला गया। इसके बाद इंग्लैंड ने कई मौके बनाए, जिसमें लिकाकोविक ने पांच मिनट के शानदार अंतराल में छह बचाव किए, जिसके बाद मार्कस रैशफोर्ड ने बेंच से आकर पांच मिनट शेष रहते चौथा गोल दागकर जीत को सुरक्षित कर दिया। इंग्लैंड का अगला मुकाबला 23 जून को बोस्टन में घाना से होगा , उसी दिन क्रोएशिया का मुकाबला टोरंटो में पनामा से होगा।
विश्व में के शुरुआती मुकाबले में विपक्षी टीम पर दो गोल दाग कर हैरी केन बड़े सितारों सूची में शामिल हो गए हैं। एर्लिंग हालैंड , लियोनेल मेस्सी और किलियन म्बाप्पे जैसे खिलाड़ियों ने विश्व कप में अपनी शुरुआती छाप छोड़ी है, और अब केन के दो गोलों ने उन्हें स्कोरिंग चार्ट में दुनिया के शीर्ष खिलाड़ियों की श्रेणी में ला खड़ा किया है।
