माइकल जैक्सन की जीवनी पर बनी फिल्म ‘माइकल’ के रिलीज से पहले दिखाये जायेंगे विशेष शो

वॉशिंगटन, 11 मार्च (वार्ता) लायंसगेट ने घोषणा की है कि माइकल जैक्सन के जीवन पर आधारित बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘माइकल’ के कुछ विशेष शो इसकी आधिकारिक रिलीज से पहले दिखाये जाएंगे। इससे प्रशंसकों को दिग्गज कलाकार के जीवन पर बनी इस फिल्म को सबसे पहले देखने का मौका मिलेगा।
स्टूडियो ने पुष्टि की है कि शुक्रवार, 24 अप्रैल को फिल्म की आधिकारिक रिलीज से दो दिन पहले 22 अप्रैल को केवल एक रात के लिए इसके विशेष शो बड़े पर्दे पर दिखाये जाएंगे। इन विशेष शो के लिए टिकटों की बिक्री बुधवार, 11 मार्च से शुरू हो जाएगी। एंटोनी फूक्वा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में वैश्विक पॉप आइकन माइकल जैक्सन के भतीजे जाफर जैक्सन मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। इस फिल्म के जरिये जाफर जैक्सन अभिनय की दुनिया में बड़ा कदम रख रहे हैं, जहां वह उस महान कलाकार की भूमिका निभायेंगे जिसके संगीत और अंदाज ने आधुनिक पॉप संस्कृति को नया रूप दिया।

एक समाचार वेबसाइट के अनुसार, ‘माइकल’ इस महान गायक के मशहूर गानों से कहीं आगे बढ़कर उनके जीवन की कहानी पेश करती है। यह फिल्म ‘द जैक्सन 5’ के मुख्य गायक के रूप में उनकी प्रतिभा की खोज से लेकर दुनिया का सबसे बड़ा कलाकार बनने की उनकी जिद और सफर को दिखाती है। फिल्म की कहानी माइकल जैक्सन के मंच से दूर के निजी जीवन और उनके शुरुआती करियर के कुछ सबसे यादगार पलों को उजागर करेगी। फिल्म निर्माताओं का कहना है कि यह दर्शकों को संगीत जगत की सबसे प्रभावशाली हस्ती के उदय को करीब से देखने का अनुभव देगी। इस फिल्म में निया लॉन्ग, जूलियानो वाल्डी, कीलिन डरेल जोन्स और लौरा हैरियर के साथ माइल्स टेलर और कोलमैन डोमिंगो भी नजर आयेंगे। फिल्म के विशेष शो की घोषणा करते हुए लायंसगेट के वितरण विभाग के अध्यक्ष केविन ग्रेसन ने कहा कि यह फिल्म दिवंगत पॉप स्टार के प्रशंसकों के लिए एक भव्य सिनेमाई अनुभव देने के लिए बनाई गई है।

ग्रेसन ने एक बयान में कहा, “माइकल जैक्सन के प्रशंसकों के लिए यह फिल्म वह सिनेमाई अनुभव है जिसका वे लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। यह फिल्म उस लड़के की आत्मा और उसके जादू को दिखाती है जो आगे चलकर ‘पॉप का राजा’ बना।” उन्होंने आगे कहा कि फिल्म के विशेष शो रिलीज से पहले आईमैक्स और अन्य बड़े पर्दों पर दिखाने का मकसद दर्शकों को माइकल जैक्सन के संगीत और उनकी शानदार ऊर्जा में पूरी तरह से सराबोर करना है।

Next Post

प्रियंवदा कांत ने शो ‘घरवाली पेड़वाली‘ में कई स्टंट खुद किये

Wed Mar 11 , 2026
मुंबई,11 मार्च (वार्ता) अभिनेत्री प्रियंवदा कांत ने एण्डटीवी के सुपरनैचुरल हॉरर कॉमेडी शो ‘घरवाली पेड़वाली‘ में कई स्टंट खुद किये। अभिनेत्री प्रियंवदा कांत एण्डटीवी के सुपरनैचुरल हॉरर कॉमेडी शो ‘घरवाली पेड़वाली‘ में लतिका का किरदार निभा रही हैं। हाल ही में आने वाले एक रोमांचक ट्रैक की शूटिंग के दौरान […]

You May Like

Play sound