बोले: इंफ्रास्टक्चर मजबूत, यातायात की व्यापक सुविधा हो तो जिला बन सकता है आदर्श
जबलपुर: जबलपुर में फ्लाईओवर की श्रृंखला बनेगी। यातायात को व्यवस्थित और सुचारू करने के लिए यहां एक, दो नही बल्कि फ्लाई ओवर की श्रृंखला की आवश्यकता है और उसी को दृष्टिगत रखते हुए जबलपुर में प्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाई ओवर जो 11 सौ करोड़ की लागत से दमोहनाका से मदनमहल तक बन रहा है जो कि पूर्णता की ओर है और शीघ्र ही इसका लोकार्पण कर इसे प्रारंभ किया जायेगा। शहर के यातायात को सुगम बनाने की दृष्टि से जबलपुर में नए फ्लाई ओवर प्रस्तावित और स्वीकृत कराए है। यह बातें लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने पत्रकारवार्ता में दी।
जिसमें उन्होंने बताया कि सगड़ा बायपास पर आरओबी सह फ्लाई ओवर का भूमिपूजन किया जा चुका है जिसका कार्य प्रगति पर है। एम्पायर तिराहे से पेंटीनाका होकर वायएमसीए ग्राउंड तक फ्लाई ओवर स्वीकृत है। प्रदेश के बजट में एक नए फ्लाई ओवर ब्रिज जो संजीवनी नगर से ज़ीरो डिग्री तक जिसकी लागत 180 करोड़ रुपए है, इसकी स्वीकृति मिली है। इसके अलावा विक्रमपुर भिटोनी स्टेशन के मध्य आरओबी निर्माण, होटल ऋषि रीजेंसी से हाई कोर्ट चौक, घमापुर चौक, भानतलैया से रद्दी चौकी कैप्टन हमीद चौक तक फ्लाई ओवर ब्रिज सीआरएफ से प्रस्तावित है। सांई मंदिर आदर्श नगर से बंदरिया तिराहा, अनगढ़ महावीर मंदिर एवं हवाबाग कालेज तक फ्लाई ओवर ब्रिज, शिवनगर कृषि उपज मंडी से पाटन एवं कटंगी मार्ग के मध्य आईएसबीटी दीनदयाल चौक तक फ्लाई ओवर ब्रिज सीआरएफ से प्रस्तावित है।
मंत्री सिंह ने चर्चा के दौरान कहा कि जनता ने अपना आशीर्वाद देकर चार बार लोकसभा में भेजा। देश का एक मात्र सांसद था जिसकी लीड हर चुनाव में बढ़ती गई। भाजपा सरकार में मुझे लोक निर्माण विभाग के मंत्री का दायित्व दिया गया। चुनावी संकल्प पत्र में पश्चिम विधानसभा को प्रदेश की उन्नत विधानसभा बनाने और जबलपुर के सर्वांगीण विकास का जो संकल्प लिया था उसे पूरा करने का प्रयास लगातार जारी है। मैंने पहले भी कहा है विकास एक शाश्वत प्रक्रिया है और एक आदर्श विधानसभा, एक आदर्श जिला तभी बन सकता है जब वहां का इंफ्रास्टक्चर मजबूत हो, आवागमन की व्यापक सुविधा हो, यातायात में किसी तरह की बाधा न हो। इस दौरान मंत्री सिंह ने जबलपुर में होने वाले विकास कार्यों को भी गिनाया।
