दुनिया की सबसे पारदर्शी कैब सर्विस होगी भारत टैक्सी, हर नगर निगम में चलेगी : शाह

नयी दिल्ली, 23 फरवरी (वार्ता) सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि श्रम करने वालों की मुनाफे में हिस्सेदारी के लिए शुरु की गई ‘भारत टैक्सी’ योजना के तहत चालकों को सम्मान से ‘सारथी’ बनाने की पहल की गई है जिसके तहत मेहनतकशों को मुनाफे में भागीदार मालिक बनाना सुनिश्चित किया गया है।

श्री शाह ने सोमवार को यहां भारत टैक्सी के सारथियों के साथ संवाद करते हुए कहा कि भारत टैक्सी’ दुनिया की सबसे पारदर्शी कैब सेवा होगी जिससे ग्राहक और सारथी दोनों में अनुशासन लाकर नागरिक समझ को बढ़ावा मिलेगा और भारत टैक्सी, सारथियों की समस्या के समाधान का रास्ता तैयार करेगी। उनका कहना था कि ‘भारत टैक्सी’ के संचालन के लिए बोर्ड का गठन किया जाएगा और इसके निदेशक मंडल में सारथियों यानी टैक्सी चालकों को रखा जाएगा ताकि वे समस्याओं के समाधान के लिए खुद पहल कर सकेंगे।

गृहमंत्री ने कहा कि दुनिया की इस सबसे पारदर्शी कैब सेवा का मकसद चालों को सारथी के रूप में सम्मान देना और लाभ में उन्हें भागीदार बनाना है। उनका कहना था कि यह कैब सेवा हर सारथी को मालिक बनाएगी और आने वाले तीन वर्षों में देश के हर नगर निगम में ‘भारत टैक्सी’ की शुरुआत की जाएगी।

उन्होंने कहा कि भारत टैक्सी को देश की पांच बड़ी कोऑपरेटिव्स को मिलाकर खड़ा किया गया है। अब जैसे-जैसे सारथियों की संख्या इसमें बढ़ती जाएगी और जो भी सारथी इसमें पार्टनर बनना चाहेगा उसे 500 रुपए के शेयर लेने पर मालिकाना हक मिलेगा। जब भारत टैक्सी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स का चुनाव होगा, तब इसमें कुछ स्थान सारथियों के लिए भी आरक्षित और सारथी बोर्ड में आकर स्वयं अन्य सारथियों के सभी हितों की रक्षा और चिंता करेंगे।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि भारत टैक्सी का उद्देश्य किसी निजी कंपनी की तरह बड़ा मुनाफा कमाना नहीं बल्कि सारथियों को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि भारत टैक्सी के शेयर सारथियों के पास हैं और मालिक भी सारथी ही हैं, इसीलिए भारत टैक्सी की नीतियां भी सारथी ही बनाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत टैक्सी सारथियों की अपनी कंपनी है और इसमें सहकार करना ही हमारा सिद्धांत होना चाहिए। भारत टैक्सी सारथियों की क्षमता का दोहन करेगी न कि उनका शोषण करेगी।

गृहमंत्री ने कहा कि ‘भारत टैक्सी’ सारथियों को शेयर देकर मालिक बनाने के साथ-साथ उसका बीमा और आसान लोन उपलब्ध कराने वाली पहली टैक्सी सर्विस बनेगी और ‘भारत टैक्सी’ सारथियों को हर जानकारी अधिसूचना के माध्यम से उपलब्ध कराकर दुनिया की सबसे पारदर्शी कैब सर्विस बनेगी। उनका कहना था कि ‘भारत टैक्सी’ की ‘सारथी दीदी’सुविधा, महिला सारथियों को स्वावलंबी बनाने के लिए शुरु की गयी है और इससे वे स्वावलंबी बनेंगी और महिला यात्रियों तथा सारथियों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी। उनका यह भी कहना था कि ‘भारत टैक्सी’ में शिकायत विंडो के माध्यम से सारथियों की सभी चिंताओं का समाधान किया जाएगा।

श्री शाह ने चालकों से कहा कि भारत टैक्सी की वेबसाइट पर सारथियों की तकलीफों के समाधान के लिए एक विंडो है जिस पर मोबाइल नंबर से लॉग-इन कर वे अपनी सारी समस्याएं बता सकेंगे और उनके आधार पर हम नीति को संशोधित कर सकेंगे। जिस प्रकार भारत टैक्सी सारथियों की समस्याओं का निवारण करेगी, उसी प्रकार बाकी टैक्सी कंपनियों को भी यह करना पड़ेगा। श्री शाह ने कहा कि भारत टैक्सी का लक्ष्य ग्राहक को खुश करने के साथ-साथ सारथी का भी कल्याण करना होना चाहिए।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा “सारथियों को अपने आप को कभी ड्राइवर नहीं कहना चाहिए बल्कि गर्व के साथ स्वयं को सारथी कहना चाहिए। सम्मान के साथ इस भाव को सारथियों के मन में लाना ही भारत टैक्सी की जिम्मेदारी है। भारत टैक्सी सुधार की सभी संभावनाओं को तलाशेगी और आगे बढ़ने पर हर समस्या का समाधान भी हो जाएगा।समाज में सारथी को देखने का नजरिया किस प्रकार बदले, यह सारथियों की भी ज़िम्मेदारी होनी चाहिए।”

Next Post

विदेशी आयात से संकट में आएंगे मक्का और सोयाबीन किसान, उद्योग भी होंगे तबाह: हरीश चौधरी 

Mon Feb 23 , 2026
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी ने सोमवार को श्यामला हिल्स और लखेरापुरा चौक बाजार में प्रमुख व्यापारियों से मुलाकात कर प्रस्तावित भारत–अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर चर्चा की। व्यापार समुदाय को संबोधित करते हुए हरीश चौधरी ने कहा कि यह डील केवल किसानों ही नहीं, बल्कि व्यापार, […]

You May Like