यमुना सफाई के नाम पर मिले 8500 करोड़ रु का केजरीवाल के पास नहीं कोई हिसाब: सैनी

नयी दिल्ली, (वार्ता) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी राजनीतिक स्वार्थ सिद्धि के लिये लोगों में भय पैदा करने का जो बयान दिया है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है।

श्री सैनी ने श्री केजरीवाल से कहा कि इस प्रकार के बयान देकर द्वेष पैदा मत कीजिये। उन्होंने कहा कि श्री केजरीवाल को इस बयान के लिये दिल्ली और हरियाणा के लोगों से माफी मांगनी चाहिये।

श्री सैनी ने बुधवार को दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर दहिसरा गांव के पास यमुना नदी के चार नंबर प्वाइंट का दौरा किया और पूजा-अर्चना कर यमुना के पानी का आचमन किया।

उन्होंने कहा कि श्री केजरीवाल ने बयान दिया है कि हरियाणा की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने यमुना में जहर मिलाकर भेजा है, जबकि भारतीय जल प्राधिकरण द्वारा पानी के जो नमूने लिये गये हैं, उसमें कहीं भी जहरीले पदार्थ नहीं मिले हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री केजरीवाल झूठ की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने 10 साल पहले दिल्ली के लोगों से जो वादे किये थे, उन्हें पूरा नहीं किया। उन्होंने जहरीले पानी का बयान देकर दर्द भरा और भय पैदा करने वाला कार्य किया है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

श्री सैनी ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पिछली चार नमूने की जांच रिपोर्ट का हवाला देते हुये कहा कि दिल्ली की सीमा में दाखिल होने से पहले हरियाणा की सीमा पर यमुना का जल मानकों पर पूरी तरह खरा उतरा है। हरियाणा से दिल्ली को साफ पानी जा रहा है। दिल्ली के बाद पलवल और फरीदाबाद में जब हरियाणा को यह पानी मिलता है, वह बहुत अधिक खराब स्थिति में होता है।

उन्होंने कहा कि केंद्र से यमुना की सफाई के नाम पर मिले साढ़े आठ हजार करोड़ रुपये का नहीं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री के पास हिसाब नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार ने दिल्ली में पानी की सफाई और सीवरेज इत्यादि के लिये साढ़े आठ हजार करोड़ रुपये दिये थे, लेकिन यह राशि कहां गयी, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री के पास इसका कोई हिसाब नहीं है। श्री केजरीवाल ने ट्रीटमेंट प्लांट लगाकर साफ पानी यमुना में छोड़ने की दिशा में कोई कार्य ही नहीं किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 वर्षों में दिल्ली का विकास नहीं हुआ और यही वजह है की जगह-जगह गलियों में पानी का भराव है, सीवरेज सिस्टम ठप पड़े हैं। दस साल पहले श्री केजरीवाल ने यमुना नदी पर खड़े होकर कहा था कि वह इसे पवित्र करेंगे, लेकिन इसके लिये उन्होंने कोई काम नहीं किया। दिल्ली के लोग अब चुनाव का इंतजार कर रहे हैं।

श्री सैनी ने कहा कि ऐसा दुर्भाग्यपूर्ण बयान देने के लिये श्री केजरीवाल को माफी मांगनी चाहिये। श्री केजरीवाल को जब भी मौका लगता है, वह कभी पराली के नाम पर तो कभी पानी के नाम पर हरियाणा पर झूठे आरोप लगाते रहे हैं, जिनमें कोई सच्चाई नहीं होती है।

Next Post

रोजगार के लिए राज्य आधारित पोर्टल की शुरुआत

Thu Jan 30 , 2025
नयी दिल्ली (वार्ता) श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने बुधवार को राज्य आधारित पोर्टल की शुरुआत की जिनसे असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को रोजगार के अवसरों सहित सरकार की कल्याणकारी योजनाओं तक पहुंचने में सहायता मिलेगी। श्री मांडविया ने यहां राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के श्रम मंत्रियों एवं […]

You May Like