
ग्वालियर। आयुष्मान भारत योजना को लेकर प्रदेश में चल रहा संकट फिलहाल टल गया है। सरकार के सकारात्मक रुख के बाद निजी अस्पतालों में योजना के तहत मरीजों का इलाज जारी रहेगा। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन मध्यप्रदेश ने 8 अक्टूबर को प्रस्तावित दिल्ली मार्च को स्थगित कर दिया है, जिससे हजारों मरीजों ने राहत की सांस ली है।
आईएमए मध्यप्रदेश के स्टेट प्रेसिडेंट डॉ. बी.एम. शरणागत ने कहा कि प्रशासन ने डॉक्टरों की दोनों प्रमुख मांगों को मानने का आश्वासन दिया है। साथ ही भविष्य में निरंतर सहयोग जारी रखने का भरोसा भी दिलाया गया है।
डॉ. शरणागत ने कहा कि सरकार के सकारात्मक रवैये को देखते हुए फिलहाल आंदोलन को टालने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार अपने आश्वासन पर जल्द अमल करेगी और लंबित भुगतान सहित अन्य मुद्दों का स्थायी समाधान होगा।
उल्लेखनीय है कि भुगतान में देरी और अन्य मांगों को लेकर निजी डॉक्टरों ने आयुष्मान योजना से इलाज बंद करने और दिल्ली में मार्च करने की चेतावनी दी थी। अब सुलह के बाद योजना की सांसें फिर लौट आई हैं।
