बारामती विमान हादसा: दुर्घटनास्थल से ब्लैकबॉक्स बरामद

नयी दिल्ली, 29 जनवरी (वार्ता) महाराष्ट्र के बारामती में बुधवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त विमान का ब्लैकबॉक्स बरामद हो गया है। जांच में शामिल अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि दुर्घटनाग्रस्त लीयरजेट 45 विमान का ब्लैकबॉक्स दुर्घटनास्थल से बरामद किया गया है। इस विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार, उनके एक निजी सुरक्षा अधिकारी तथा एक सहायक और चालक दल के दो सदस्यों की मौत हो गयी थी। एएआईबी के महानिदेशक के नेतृत्व में जांच दल बुधवार को ही बारामती पहुंच गया था। दुर्घटनाग्रस्त विमान बिजनेस जेट सेवा देने वाली कंपनी वीएसआर वेंचर्स का था। श्री पवार मुंबई से बारामती जा रहे थे जहां उन्हें स्थानीय निकायों के चुनावों के सिलसिले में सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होना था। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि विस्तृत, पारदर्शी और समय सीमा के भीतर जांच पूरी करना उसकी प्राथमिकता है। एएआईबी के तीन अधिकारियों की दिल्ली से गयी टीम और नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के तीन अधिकारियों की मुंबई की टीम जांच कर रही है। उसने बताया कि एएआईबी के नियम पांच और 11 के तहत जांच शुरू की गयी है।

उल्लेखनीय है कि जिस समय हादसा हुआ उस समय बारामती में मौसम साफ था और दृश्यता 3,000 मीटर थी। हवा शांत थी। बारामती एयरफील्ड पर उतरते समय पहले दो बार पायलट ने रनवे नजर नहीं आने की बात कही थी जिसके कारण विमान उतर नहीं पाया। तीसरी बार में पायलट ने कहा कि उसे रनवे दिख रहा है और विमान को सुबह 8.43 पर उतरने की अनुमति प्रदान कर दी गयी। इसके बाद 8.44 बजे एटीसी ने रनवे 11 के एक छोर पर आग की लपटें देखीं।
हादसे में शामिल विमान 16 साल पुराना था। यह 2010 में बना था और इसे 27 दिसंबर 2022 को पंजीकरण प्रमाणपत्र जारी किया गया था। कमांड पायलट के पास 1,500 घंटे से अधिक का उड़ान अनुभव था। को-पायलट के पास भी लगभग 1,500 घंटे का उड़ान अनुभव था। वीआरएस वेंचर्स के बेड़े में सात लीयरजेट 45 विमान (दुर्घटनाग्रस्त विमान सहित), पांच एम्ब्रेयर 135बीजे, चार किंग एयर बी200 विमान और एक पिलैटस पीसी-12 विमान शामिल हैं। इससे पहले 14 सितंबर 2023 को कंपनी का एक विमान मुंबई हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था जिसकी जांच अब भी जारी है।

Next Post

व्यवधान नहीं बल्कि समाधान के साथ आगे बढ़ने का समय : मोदी

Thu Jan 29 , 2026
नयी दिल्ली, 29 जनवरी (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी सांसदों से संसद का कार्य सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग का आग्रह करते हुए कहा है कि आज समय व्यवधान का नहीं बल्कि समाधान का है और देश के विकास में लाभकारी परिणाम देने के लिए सभी को […]

You May Like