MP पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3 हफ्ते, 122 चोरी की गाड़ियां और करोड़ों के गिरोह बेनकाब

भोपाल। प्रदेश में संपत्ति संबंधी अपराधों और वाहन चोरी पर अंकुश लगाने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले तीन सप्ताह में 122 चोरी के वाहन बरामद किए गए हैं। इनमें 116 मोटरसाइकिल, चार ट्रैक्टर, एक पिकअप वाहन और एक कार शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान कई आरोपियों को गिरफ्तार कर संगठित वाहन चोर गिरोहों का भी भंडाफोड़ किया गया।

सबसे बड़ी सफलता खरगोन पुलिस को मिली, जिसने अंतरजिला मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर करीब 50 लाख रुपये मूल्य की 51 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। ये वाहन खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, महू और हरदा क्षेत्रों से चोरी किए गए थे। जांच में सामने आया कि गिरोह पुराने अथवा क्षतिग्रस्त लॉक वाले वाहनों को भीड़भाड़ वाले स्थानों से कुछ ही मिनटों में चुराकर ग्रामीण इलाकों में कम कीमत पर बेच देता था।

इसके अलावा छतरपुर से 21, सिंगरौली से 9, गुना से 7, मंदसौर से 5, शाजापुर से 5, दतिया से 4, राजगढ़ से एक पिकअप सहित 7 वाहन, सागर से 4 ट्रैक्टर, भिंड से एक कार तथा जीआरपी इंदौर द्वारा 4 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस का कहना है कि आधुनिक तकनीक, खुफिया तंत्र, त्वरित विवेचना और अंतरजिला समन्वय के बल पर चलाए जा रहे अभियान से संगठित वाहन चोरी करने वाले गिरोहों पर प्रभावी कार्रवाई की गई है।

 

Next Post

थाने में युवती ने खाया जहर, हालत गंभीर

Mon Aug 3 , 2026
छतरपुर। छतरपुर जिले के महाराजपुर थाना परिसर में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 22 वर्षीय पिंकी नायक ने कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल उसे अचेत अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के […]

You May Like

मनोरंजन