भुवनेश्वर, (वार्ता) बीजू महिला जनता दल (बीजद) ने आज वरिष्ठ बीजद नेता और पार्टी प्रवक्ता लेखाश्री सामंतसिंहर के खिलाफ कथित रूप से अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक संतोष खटुआ की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
बीजद महिला विंग की सदस्यों ने भुवनेश्वर में बीजद की मुख्य सचेतक और पार्टी उपाध्यक्ष प्रमिला मलिक के नेतृत्व में स्वाभिमान रैली निकाली।
प्रदर्शनकारियों ने भाजपा विधायक का पुतला फूंका और पुलिस महानिदेशक को एक ज्ञापन सौंपकर उनसे शीघ्र कार्रवाई करने और खटुआ को गिरफ्तार करने का आग्रह किया।
रैली में बोलते हुए, प्रमिला मलिक ने चेतावनी दी कि अगर भाजपा विधायक को जल्द ही गिरफ्तार नहीं किया गया, तो बीजद महिला दल विरोध प्रदर्शन तेज करेगा और ओडिशा के सभी जिलों में प्रदर्शन करेगा।
सुश्री मलिक ने कहा, “किसी निर्वाचित प्रतिनिधि द्वारा किसी महिला के खिलाफ इस तरह की घिनौनी टिप्पणी सभ्य समाज में अस्वीकार्य है।” बीजद नेताओं ने भाजपा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की भी आलोचना की और आरोप लगाया कि उसके कार्यकाल के पहले वर्ष में बलात्कार के मामलों में वृद्धि हुई है।
