अब बताना पड़ेगा ओटीपी, रसोई गैस की कालाबाजारी रोकने बदले गए नियम

जबलपुर: रसोई गैस की कालाबाजारी रोकने और लक्षित लाभार्थियों तक सीधी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए पेट्रोलियम कंपनियों ने एलपीजी सिलेंडर की होम डिलीवरी के नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अब उपभोक्ताओं को अपने घर पर सिलेंडर प्राप्त करते समय 4 अंकों का वन टाइम पासवर्ड यानी ओटीपी साझा करना अनिवार्य होगा। इस नई व्यवस्था को डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड के नाम से जाना जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि गैस सिलेंडर सही व्यक्ति के पास ही पहुंच रहा है। जबलपुर में गैस कम्पनियों ने वितरकों के माध्यम से ये जानकारी साझा की है।
बरतनी होगी सावधानी
इस प्रक्रिया के तहत जब भी डिलीवरी बॉय उपभोक्ता के घर पर सिलेंडर लेकर पहुंचेगा, ग्राहक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर सिस्टम द्वारा स्वचालित रूप से एक कोड भेजा जाएगा। डिलीवरी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न करने के लिए ग्राहक को यह कोड कर्मचारी को बताना होगा। जब तक कर्मचारी अपने उपकरण में इस ओटीपी को दर्ज नहीं करेगा, तब तक सिस्टम में डिलीवरी को पूर्ण नहीं माना जाएगा।

यदि कोई उपभोक्ता बिना ओटीपी साझा किए सिलेंडर प्राप्त करने की कोशिश करता है, तो भविष्य में उसे नई बुकिंग करने में तकनीकी बाधाओं का सामना करना पड़ सकता है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह स्पष्ट किया गया है कि यह ओटीपी केवल घर पर आए डिलीवरी प्रतिनिधि को ही प्रत्यक्ष रूप से देना है। फोन कॉल या मैसेज के माध्यम से किसी भी अनजान व्यक्ति को यह गुप्त कोड बताने से ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी की संभावना बनी रहती है। सुचारू सेवा के लिए उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे अपनी संबंधित गैस एजेंसी के रिकॉर्ड में अपना वर्तमान मोबाइल नंबर हमेशा अपडेट रखें ताकि बुकिंग और वितरण संबंधी सूचनाएं समय पर प्राप्त हो सकें।

Next Post

जकात दें, तालीम बढ़ाएं, रूहानी तौर पर मजबूत बनें : मुफ्ती ए आजम

Sat Mar 21 , 2026
जबलपुर:शनिवार को जबलपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में मीठी ईद धूमधाम के साथ मनाई गई। मुस्लिम धर्मावलंबियों ने 30 रोज़ों के सब्र और इबादत के बाद ईद उल-फ़ित्र का त्यौहार बड़े उत्साह और अकीदत के साथ मनाया। इस अवसर पर ईदगाह कला रानीताल में हजारों लोगों ने ईद की नमाज़ […]

You May Like