सतना : कोलगवां थाना अंतर्गत सोनौरा डीपीएस स्कूल के निकट रहने वाले और उच्च न्यायालय जबलपुर के अधिवक्ता के घर में चोरोकं ने धावा बोलते हुए वहां पर रखी 37 लाख रु की नकदी समेत सोने-चंदी के आभूषण पार कर दिए. इतना ही नहीं बल्कि चोरों ने घर में लगे 7 सीसीटीवी कैमरे भी उखाड़ लिए. इस संबंध में अधिवक्ता द्वारा लिखित आवेदन दिए जाने पर पुलिस द्वारा जांच कार्रवाई शुरु कर दी गई है.उच्च न्यायालय जबलपुर में विधि व्यवसाय करने वाले और सोनौरा क्षेत्र के निवासी रजनीश शर्मा द्वारा सोमवार को कोलगवां थाने में लिखित आवेदन दिया गया कि 2 जुलाई की रात 1:56 बजे संजय कुमार गर्ग उर्फ संजू निवासी धवारी अपने कुछ साथियों के साथ उनके घर में घुसा था.
चोर उनके घर के पीछे से तार की बाउण्ड्री वाल को काटकर अंदर घुसे और छत का दरवाजा तोडक़र अंदर प्रवेश किया. जिसके बाद उनके कार्यालय का दरवाजा खोलकर लॉकर तोड़ा और वहां पर रखे 37 लाख रु चुरा ले गए. इसके साथ ही घर में लगे 7 सीसीटीवी कैमरे भी चोर उखाड़ ले गए. जबकि 2 सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर बचे रह गए . जिसकी फुटेज देखने पर आरोपी के बारे में जानकारी मिल सकी. इसी कड़ी में अधिवक्ता द्वारा सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंप दिए गए. अधिवक्ता के अनुसार जमीन के एक सौदे के लिए 37 लाख रु घर में रखे हुए थे. जिन्हें किसी को सौंपना था. जाहिर है कि उक्त मामला किसी की जानकारी में रहा होगा.
दो संदेही हिरासत में
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीम ने संदेहियों की तलाश शुरु कर दी. कड़ी मशक्कत करते हुए पुष्पराज कालोनी से दो संदेहियों को उठा लिया गया. जिनसे की गई पूछताछ में चोरी की घटना स्वीकार कर ली. पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में सदेहियों ने यह भी उगल दिया कि जिस व्यक्ति पर अधिवक्ता द्वारा नामजद आरोप लगाए गए हैं, उाअसल वह घटना का मुख्य आरोपी है. लिहाजा पुलिस द्वारा उसकी सरगर्मी से तलाश शुरु कर दी गई है.
