
भोपाल। मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार-वार्ता में कांग्रेस पर महिला विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने षड्यंत्रपूर्वक राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र में महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाया, जिसके कारण उनका नामांकन निरस्त हुआ।
श्रीमती गौर ने कहा कि कांग्रेस अब इस मामले को महिला सम्मान से जोड़कर प्रदेश को बदनाम करने का प्रयास कर रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि नामांकन पत्र में आवश्यक जानकारी नहीं देने के कारण निर्वाचन प्रक्रिया के तहत कार्रवाई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता नहीं चाहते थे कि मीनाक्षी नटराजन राज्यसभा पहुंचें, इसलिए जानबूझकर तथ्य छिपाए गए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपनी ही पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय किया है। श्रीमती गौर ने तेलंगाना की एक महिला कार्यकर्ता से जुड़े मामले का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद कांग्रेस नेताओं ने कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि इसी मामले में न्यायालय की प्रक्रिया के बाद मीनाक्षी नटराजन को भी समन जारी किया गया था, जिसकी जानकारी नामांकन के साथ प्रस्तुत शपथ-पत्र में नहीं दी गई।
मंत्री ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा मीनाक्षी नटराजन की याचिका खारिज किए जाने से स्पष्ट हो गया है कि निर्वाचन प्रक्रिया नियमों के अनुसार हुई है। भाजपा हमेशा संवैधानिक और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया का पालन करती है।
श्रीमती गौर ने कहा कि कांग्रेस का महिला सम्मान का दावा केवल राजनीतिक दिखावा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने नारी शक्ति वंदन कानून का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा महिलाओं को राजनीति में अधिक अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को महिला सम्मान पर राजनीति करने के बजाय यह जवाब देना चाहिए कि महिलाओं की शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई। मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होना कांग्रेस की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर सवाल खड़े करता है।
पत्रकार-वार्ता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नंदिता पाठक, प्रदेश मंत्री सुश्री राजो मालवीय, प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती मंजरी जैन, मीडिया पैनलिस्ट श्रीमती गुंजन चौकसे और श्रीमती नमिता अग्रवाल उपस्थित रहीं।