
सीधी । त्योहारी सीजन में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं खाद्य पदार्थों की जांच की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश लोधी एवं सहायक आपूर्ति अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने फूड सेफ्टी वैन के साथ विकासखंड रामपुर नैकिन स्थित रुनझुन स्वीट्स, न्यू यादव होटल एवं राजस्थान स्वीट्स का निरीक्षण किया।
इस दौरान प्रतिष्ठानों में उपलब्ध कलाकंद, मेवा बर्फी, बूंदी एवं बेसन लड्डू के नमूने मोबाइल खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से मौके पर जांचे गए। टीम ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सामग्री के उचित रखरखाव, स्वच्छता, पैकिंग एवं लेबलिंग संबंधी निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा त्योहारी अवधि में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और जांच की कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाएगी।
