शासकीय विज्ञान महाविद्यालय की विभिन्न अनियमितताओं के खिलाफ फूटा आक्रोश 

जबलपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, जबलपुर महानगर द्वारा शासकीय विज्ञान महाविद्यालय में व्याप्त विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनियमितताओं ,विद्यार्थियों की मूलभूत समस्याओं को लेकर शुक्रवार को बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य को 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपकर विद्यार्थियों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग की गई।

एबीवीपी की मांगों में कॉलेज के प्रत्येक फ्लोर पर पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करना, महाविद्यालय परिसर में साफ-सफाई की उचित व्यवस्था करना, कॉलेज में अन्य महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को बुलाने की प्रथा बंद करना, विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में अलग-अलग सेक्शन बनाना, महाविद्यालय की प्रयोगशालाओं में आवश्यक उपकरणों की उचित व्यवस्था करना सहित अन्य मांगें शामिल थीं।

कॉलेज प्रशासन को दी चेतावनी

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने महाविद्यालय प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि ज्ञापन में उल्लेखित सभी मांगों पर आगामी 15 दिनों के भीतर उचित एवं ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। यदि निर्धारित समयावधि में विद्यार्थियों की समस्याओं का निराकरण नहीं किया जाता है, तो विद्यार्थी परिषद आगामी समय में आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं उग्र करने के लिए बाध्य होगी। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी। प्रदर्शन के दौरान प्रदेश विश्वविद्यालय संयोजक ऐश्वर्य सोनकर, प्रदेश सह मंत्री अनमोल सोनकर, महानगर सह मंत्री शोभित मिश्रा, अक्षत ताम्रकार, ऋषि पटेल, महाविद्यालय अध्यक्ष वरुण शर्मा, तनिष्क पांडे, लखन मांझी, आशुतोष पटेल, प्रफुल्ल तिवारी, सार्थक कोरी, आयुष बारी, नैना चौधरी, सार्थक चौधरी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Next Post

जिला चिकित्सालय में तंबाकू सेवन करने वालों पर चालानी कार्रवाई, वसूला जुर्माना

Fri Oct 30 , 2026
सीधी । राष्ट्रीय तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के अंतर्गत जिला चिकित्सालय सीधी के परिसर को तंबाकू मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष निरीक्षण एवं चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा) के प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों से 200 रुपये का जुर्माना […]

You May Like